द ग्रेट खली बचपन में की मजदूरी, जूते खरीदने तक के नहीं थे पैसे, डब्ल्यूडब्ल्यूई वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनकर रचा इतिहास

द ग्रेट खली बचपन में की मजदूरी, जूते खरीदने तक के नहीं थे पैसे, डब्ल्यूडब्ल्यूई वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनकर रचा इतिहास
द ग्रेट खली के नाम से विश्व भर में मशहूर दलीप सिंह राणा किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सात फीट और एक इंच लंबे खली ने अपने विशाल कद-काठी के दम पर डब्ल्यूडब्ल्यूई में खास पहचान बनाई। वह वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय बने।

नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। द ग्रेट खली के नाम से विश्व भर में मशहूर दलीप सिंह राणा किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सात फीट और एक इंच लंबे खली ने अपने विशाल कद-काठी के दम पर डब्ल्यूडब्ल्यूई में खास पहचान बनाई। वह वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय बने।

27 अगस्त, 1972 को हिमाचल प्रदेश में जन्मे खली का बचपन काफी गरीबी में बीता। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने के लिए वह बचपन से ही मजदूरी करने लगे। हालांकि, खली आम बच्चों की तरह नहीं थे। उनका शरीर शुरुआत से ही बेहद विशाल था। खली के जीवन में एक समय ऐसा भी था, जब उनके पास जूते पहनने तक के पैसे नहीं थे। तभी खली ने यह ठान लिया था कि वह जीवन में इतना पैसा कमाएंगे कि कभी उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

खली पत्थर तोड़ने का काम किया करते थे। इसके बाद उन्हें शिमला में एक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिल गई। इसी दौरान पंजाब पुलिस के एक अधिकारी की नजर खली के विशालकाय शरीर पर पड़ी और उन्होंने दलीप सिंह को पुलिस की नौकरी ऑफर की, जिसे खली ने स्वीकार कर लिया। पुलिस में भर्ती के बाद खली के पास सरकारी नौकरी थी, लेकिन उनके मन में कुछ बड़ा करने की इच्छा अभी भी पनप रही थी। पुलिस में रहते हुए ही उन्होंने बॉडी बिल्डिंग करनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जल्द ही अमेरिका बुला लिया गया और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

खली की साल 2006 में डब्ल्यूडब्ल्यूई में एंट्री हुई। खली ने डब्ल्यूडब्ल्यूई में कई दिग्गज रेसलर अंडरटेकर, ट्रिपल एच, बिग शो, बटिस्टा और जॉन सीना को धूल चटाई और वह एक साल में ही हेवीवेट चैंपियन बन गए। उन्होंने रेसलमेनिया और समरस्लैम जैसे बड़े इवेंट में भी अपना जलवा बिखेरा। साल 2014 में खली को डब्ल्यूडब्ल्यूई से रिलीज किया गया। खली फिल्मी दुनिया में भी हाथ आजमा चुके हैं। इसके साथ ही वह मशहूर रियलिटी शो 'बिग बॉस' में भी नजर आ चुके हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2026 11:31 PM IST

Tags

Next Story