टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से बॉलीवुड में आक्रोश, रवि किशन बोले- दोषियों को मिले कठोर सजा
मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड एकजुट नजर आ रहा है। सभी लोग टाइगर और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं, साथ ही आरोपियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।
अभिनेता रवि दुबे ने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान दोषियों को पकड़ने की मांग की। उन्होंने कहा, "यह बहुत दुखद है। जिन्होंने यह किया है, उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए। इससे हम सभी को कुछ राहत मिलेगी।"
उन्होंने आगे कहा, "अभी तक मेरी टाइगर से बात नहीं हुई है, लेकिन मैं उनसे जल्द ही बात करूंगा। टाइगर अभी ठीक हैं, उनके ड्राइवर को चोट लगी है। उम्मीद करते हैं कि वे भी जल्द से जल्द ठीक हो जाएं और हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।"
भाजपा सांसद और लोकप्रिय अभिनेता रवि किशन ने मीडिया के साथ बातचीत में मामले पर चिंता जाहिर करते हुए कहा, "यह बहुत दुखद और चिंता का विषय है। मुझे महाराष्ट्र सरकार और पुलिस पर पूरा भरोसा है कि वे इस मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। टाइगर बहुत ही मासूम इंसान है। माता रानी ने उनकी रक्षा की।"
अभिनेता मुकेश ऋषि ने आईएएनएस के साथ बातचीत में इस घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा, "यह घटना बहुत शर्मिंदा करने वाली है। मैं जैकी दादा की बहुत इज्जत करता हूं, वे बेहतरीन इंसान हैं और हर किसी के भले के बारे में सोचते रहते हैं। उनके बेटे पर फायरिंग होना बहुत निंदनीय है, वो भी ऐसे समय में जब वह फुटबॉल खेलकर घर लौट रहा था।"
अभिनेता का मानना है कि टाइगर श्रॉफ पर ऊपर वाले का हाथ है, जिससे वह बच गए और उन्हें गंभीर चोट नहीं लगी। हालांकि, उन्होंने ड्राइवर के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "समझ में नहीं आता है कि आखिरकार हमलावरों को चाहिए क्या। वे लोग समझते नहीं हैं कि जब इस तरह की घटनाएं होती हैं तो लोग दूसरे देशों में बसने के लिए चले जाते हैं। यह हमारे लिए कोई अच्छी बात नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसे मामलों को तो हमारी सरकार ही संभाल सकती है, क्योंकि ये सब हमारे हाथ की बात नहीं है, आखिरकार हम कर ही क्या सकते हैं। मुझे बेहद खुशी हुई कि हमारे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे टाइगर से मिलने गए थे, जिससे पता चलता है कि वे इस मामले को लेकर कितने गंभीर हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 2:01 PM IST












