टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर नेताओं ने जताई चिंता, सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद अब इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। जदयू, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने इस घटना पर चिंता जताते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पटना में जदयू विधायक श्याम रजक ने इस घटना को चिंताजनक बताया। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में पिछले कई सालों से एक खतरनाक चलन देखने को मिल रहा है, जहां कुछ लोग मशहूर हस्तियों को निशाना बनाकर अपना दबदबा कायम करना चाहते हैं।
श्याम रजक ने कहा, "महाराष्ट्र में कुछ लोग सेलिब्रिटीज को धमकाकर, उन्हें निशाना बनाकर या उनकी जान लेने की कोशिश करके अपना वर्चस्व दिखाना चाहते हैं। ऐसा कई सालों से हो रहा है। मैं ईश्वर का शुक्रगुजार हूं कि टाइगर श्रॉफ इस हमले में सुरक्षित हैं और मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। सरकार को ऐसे असामाजिक और राष्ट्र-विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।"
दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, "सरकार टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर चिंतित है। जिसने भी यह हमला किया है, चाहे वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग हो या कोई और, उसने बहुत बड़ी गलती की है। उन्होंने गलत जगह पंगा ले लिया है। यह देवेंद्र फडणवीस की सरकार है और यह उन्हें किसी भी हालत में बख्शेगी नहीं।"
वहीं मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े किए और जांच पर संदेह जताया।
हुसैन दलवई ने कहा, "ये क्या हो रहा है। टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है और इससे पहले शाहरुख खान के बेटे को परेशान किया गया था। बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई, लेकिन आज तक उस मामले की ठीक से जांच नहीं हुई है। आखिर ये लोग कौन हैं? यह किस तरह का गैंग है? इस गैंग के पीछे कौन है और इन्हें निर्देश कौन दे रहा है?"
उन्होंने कहा कि इन सभी बातों का खुलासा होना बहुत जरूरी है। इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाना बेहद आवश्यक हो गया है, ताकि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और कोई भी गैंग इस तरह से आम लोगों और सेलिब्रिटीज़ में डर का माहौल न बना सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 2:01 PM IST












