टीएमसी का मतलब तुष्टीकरण, गुंडाराज और करप्शन है रोहन गुप्ता
अहमदाबाद, 24 जून (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने ममता बनर्जी की तत्कालीन सरकार को लेकर सामने आए सीएजी रिपोर्ट पर भी प्रतिक्रिया दी।
रोहन गुप्ता ने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जो पाप किया है, उसका जवाब तो देना ही होगा। सीएजी में कहा गया है कि यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट नहीं है, तो उसका जवाब टीएमसी को हर हाल में देना होगा, इसलिए तुष्टिकरण, गुंडाराज और करप्शन यही टीएमसी का फुल फॉर्म था। अब यह कर्तव्य बनता है कि जिसने भी जनता का पैसा लूटा है, उसे जनता को पैसा लौटाना होगा। इसके बाद ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा। भाजपा इस दिशा में काम करेगी।
इसके अलावा, उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह कार्यशैली है कि जब कोई भी घटना होती है तो कांग्रेस उसके पीछे पड़कर उसकी आड़ में राजनीतिक फायदा अर्जित करने की कोशिश करती है। क्या कांग्रेस बताएगी कि उसके शासनकाल में तीन बच्चे एग्जाम नहीं दे पाए थे, तब उनकी संवेदनशीलता कहां चली गई थी? तब राहुल गांधी कहां चले गए थे? तब क्यों राहुल गांधी ने कोई वीडियो जारी नहीं किया था? इस तरह की दोहरी राजनीति नहीं चलेगी। जब राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी, तब 14 पेपर लीक हुए थे, लेकिन कांग्रेस की यह फितरत है कि वह अपनी गलतियों को स्वीकार नहीं करती है। उस समय कांग्रेस की सरकार ने कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि जब भी छात्रों के भविष्य की बात आती है तो भाजपा की सरकार सबसे आगे रहती है। हमारी सरकार छात्रों के हितों के लिए काम करती है। हम छात्रों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं कर सकते हैं, लेकिन जो लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, ऐसे लोगों को मैं कहना चाहूंगा कि आपकी राजनीति दोहरी क्यों है?
इसके अलावा, उन्होंने मौलाना मदनी को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मौलाना मदनी हर 10-15 दिन में अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस तरह का विवादित बयान दे देते हैं, लेकिन मुस्लिम समाज भी सभी बातों को समझ चुके हैं। लिहाजा, अब यह समाज इन्हें इतनी ज्यादा प्राथमिकता नहीं देते हैं। मुस्लिम समुदाय इस बात को समझ चुके हैं कि ये लोग सिर्फ जिहाद के नाम पर बात करके आम लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि जो मुसलमान इस देश के नागरिक हैं, उन्हें यहां पर हर प्रकार के अधिकार मिल रहे हैं, लेकिन जिस तरह से मौजूदा समय में मुसलमानों को घुसपैठियों से जोड़ दिया जा रहा है, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं। अब तुष्टीकरण की राजनीति खत्म हो चुकी है। अभी सिर्फ और सिर्फ पात्रता की राजनीति है, जिसका जो अधिकार है, उसे वो मिले। आप सरकारी योजनाओं के आंकड़े देख लीजिए कि मौजूदा समय में कितनी बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों को इसका फायदा मिल रहा है। मुझे लगता है कि मदनी जैसे लोगों की राजनीति का अंत हो चुका है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो दोहरी राजनीति करती है। आज उन्हीं के एक राज्य में महिमामंडन कर रही है, इसलिए प्रदेश की जनता उन्हें सत्ता में नहीं लाती है, क्योंकि जहां पर उनका राज है, वहां पर ये लोग महिमामंडन कर रहे हैं। कांग्रेस दोहरी राजनीति करती है और देश की जनता इस तरह की राजनीति पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं करती है। इससे बड़ा प्रमाण नहीं हो सकता है।
उन्होंने कहा कि हमें एक बात समझना होगा कि जब आंकड़े आते हैं तो उसके लिए किसी को यह बताने की जरूरत नहीं होती है कि सरकार क्या काम कर रही है। देश आठवें नंबर पर निर्यातकार है। देश का जीडीपी आठ फीसद के दर से बढ़ रहा है। महंगाई दर काबू में है, लेकिन जब आंकड़ों की बात आती है तो विपक्ष मुकर जाता है। ये लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब बात आंकड़ों की होती है तो ये लोग मुंह बंद कर लेते हैं। मौजूदा समय की घटनाओं से यह साफ जाहिर हो रहा है कि प्रतिकूल परिस्थिति में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। विपक्ष को यह समझना होगा कि जब आप आंकड़ों का विरोध करेंगे तो देश की जनता आप पर कभी भी विश्वास नहीं करेगी। ऐसी स्थिति में मेरा सवाल विपक्ष से है कि क्या सरकार की ओर से जारी किए गए ये आंकड़े गलत हैं?
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 8:10 PM IST












