अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 12 बाइक और भारी मात्रा में पार्ट्स बरामद
ग्रेटर नोएडा, 24 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना सूरजपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, 5 से 6 मोटरसाइकिलों के पार्ट्स तथा दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
बरामद वाहनों और पार्ट्स की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 23 जून को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सूरजपुर पुलिस ने गुलिस्तानपुर अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने सूर्या उर्फ मोहन, दीपक पाल, लक्की चंदेल, आसिफ और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया। शुरुआती तलाशी में इनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और दो अवैध चाकू बरामद हुए। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर एलजी गोलचक्कर के पास जंगल क्षेत्र से 10 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बरामद किए गए।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय था। आरोपी पहले रेकी कर सुनसान स्थानों या पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे।
कई मामलों में ये आरोपी 'ऑन डिमांड' वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में उनके इंजन, टायर, हैंडल, टंकी, शॉकर और अन्य पार्ट्स निकालकर बेच दिए जाते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर और अभ्यस्त अपराधी हैं तथा इनके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर समेत विभिन्न थानों में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह का सदस्य आसिफ कबाड़ का काम करता है और चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने में अहम भूमिका निभाता था।
बरामद मोटरसाइकिलों में बुलेट, हीरो स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, हीरो करिज्मा और अन्य मॉडल शामिल हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने आसपास के जिलों में और कितनी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 8:10 PM IST












