Breaking News: आज की बड़ी खबरें 28 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 28 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।


Live Updates

  • 28 Oct 2025 4:11 PM IST

    बिहार विधानसभा चुनाव 30 अक्टूबर को जारी हो सकता है एनडीए का घोषणापत्र

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा नीत एनडीए का घोषणापत्र 30 अक्टूबर को जारी किया जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एनडीए राज्य में घोषणापत्र को 'विकसित बिहार' शीर्षक के साथ जारी करेगा। बिहार में एनडीए के घोषणापत्र में छात्र, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र पर अधिक फोकस किया जा सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से 25 अक्टूबर को खगड़िया में रैली के दौरान इसके संकेत दिए गए थे। उन्होंने कहा था, "बिहार डबल इंजन से लैस होकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ चला है। एनडीए सरकार बिहार को आगे ले जाने के लिए तैयार है। हमारी स्पष्ट नीति है, स्कूल-कॉलेज में पढ़ाई, टाइम पर दवाई, खेतों में सिंचाई और हर घर में पानी की सप्लाई।"

  • 28 Oct 2025 4:00 PM IST

    जम्मू-कश्मीर पहुंचे बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस दौरान जम्मू-कश्मीर में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए लिखा, "बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें जम्मू-कश्मीर में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों के बारे में जानकारी दी।"

  • 28 Oct 2025 3:51 PM IST

    'हमेशा याद आएगी', सतीश शाह की प्रार्थना सभा में इमोशनल हुई किशोरी शहाणे

    फिल्मों और टीवी का जाना-माना चेहरा किशोरी शहाणे फिलहाल स्टार प्लस के सीरियल 'माना के हम यार नहीं' में दिखने वाली हैं। एक्ट्रेस ने दिवंगत अभिनेता सतीश शाह के निधन पर दुख जताया है और उनके लिए रखी गई प्रार्थना सभा का वीडियो पोस्ट किया है। प्रार्थना के दौरान टीवी और बॉलीवुड के बड़े स्टार्स को देखा गया। किशोरी शहाणे ने इंस्टाग्राम पर सतीश शाह की प्रेयर मीट का वीडियो पोस्ट किया है जिसमें सोनू निगम सतीश शाह की पत्नी मधु शाह के साथ ‘तेरे मेरे सपने’ सॉन्ग गाते दिखे। उनके चेहरे पर गम साफ नजर आया, लेकिन सोनू निगम उनके चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश कर रहे हैं।

  • 28 Oct 2025 3:41 PM IST

    बिहार चुनाव की टाइमिंग बिल्कुल सही, स्थिति एनडीए के पक्ष में मंत्री अशोक चौधरी

    बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने मंगलवार को राज्य में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की टाइमिंग को बिल्कुल सही बताया। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि छठ के बाद नवंबर में चुनाव कराने का फैसला बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि छठ पर अधिकांश बिहारवासी दूसरे राज्यों से घर लौटते हैं। इस बीच चुनाव होने पर वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल भी कर लेंगे। मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि मैं पिछले 20 वर्षों से देख रहा हूं कि बिहार में नवंबर के महीने में ही चुनाव हो रहा है, जो कि एक अच्छा संकेत है, क्योंकि इससे मतदान ज्यादा हो पाता है। बिहार में आमतौर पर चुनाव के दौरान छठ और दीपावली का संयोग पैदा हो ही जाता है। बिहार में चुनाव के दौरान इस तरह की स्थिति पिछले लंबे समय से पैदा हो रही है।

  • 28 Oct 2025 3:30 PM IST

    मनीषा कोइराला ने तिब्बती बौद्ध शिक्षक से जाना 'मृत्यु और पुनर्जन्म' के बीच का रहस्य, शेयर किया अनुभव

    संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित वेबसीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में दमदार एक्टिंग के बल पर डिजिटल डेब्यू करने वाली मनीषा कोइराला हर किसी के दिल में बसती हैं। इस बीच एक्ट्रेस जीवन और मृत्यु के रहस्य को समझना चाहती है। उन्होंने तिब्बती बौद्ध शिक्षक और लेखक योंगे मिंग्युर रिनपोछे के साथ जुड़कर इस रहस्य को गहराई से जानने की कोशिश की है। मनीषा कोइराला "बार्डो" के बारे में जानना चाहती थी। "बार्डो" तिब्बती बौद्ध धर्म में मृत्यु और पुनर्जन्म के बीच की स्थिति है, जिसका मतलब है मृत्यु और पुनर्जन्म क्या हैं और उनके बीच जीवन का असली अर्थ क्या है। इसी टॉपिक पर मनीषा कोइराला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने अनुभव शेयर किए हैं।

  • 28 Oct 2025 3:20 PM IST

    पीएम मोदी पर छपी किताब 'द मोदी स्टोरी रिफ्लेक्शंस ऑन लीडरशिप एंड लाइफ' अमेजन पर हुई लाइव

    पीएम मोदी के जीवन से जुड़े आदर्शों और मूल्यों पर छपी किताब 'द मोदी स्टोरी: रिफ्लेक्शंस ऑन लीडरशिप एंड लाइफ' अमेजन पर लाइव हो चुकी है। ब्लू क्राफ्ट डिजिटल फाउंडेशन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस किताब को रीडर्स अब ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन से खरीद कर पढ़ सकते हैं। ब्लू क्राफ्ट डिजिटल फाउंडेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "15,000 लोगों की आवाजों और रेयर रिकलेक्शन के आधार पर, यह किताब पीएम मोदी के नेतृत्व, शासन के प्रति उनके दृष्टिकोण, संस्था-निर्माण और दुनिया के साथ जुड़ाव पर एक अनोखा नजरिया पेश करती है।"

  • 28 Oct 2025 3:10 PM IST

    पारू विधानसभा सीट चेहरा बड़ा या पार्टी? भाजपा से चार बार विधायक रह चुके अशोक की एनडीए उम्मीदवार की टक्कर

    मुजफ्फरपुर जिले की पारू उत्तर बिहार की राजनीति में एक प्रमुख विधानसभा सीट मानी जाती है। यह वैशाली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और सामान्य वर्ग की सीट है। अशोक कुमार सिंह इस क्षेत्र में पिछले दो दशकों से प्रभावी चेहरा रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर 2005, 2010, 2015 और 2020 में भाजपा के टिकट पर लगातार चार बार जीत दर्ज की। 2020 के चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी शंकर प्रसाद को हराया था, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। भाजपा ने अपने चार बार के विधायक अशोक कुमार सिंह को टिकट नहीं दिया है, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोंक दी है। भाजपा ने यह सीट अपने सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (उपेंद्र कुशवाहा) के खाते में दे दी है, जिसने मदन चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।

  • 28 Oct 2025 2:56 PM IST

    कलेक्ट्रेट के शौचालय में जब चाहे भर जाता है पानी, 15 दिनों से है बंद

    कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के लिए तो उनके चैंबर में ही शौचालय का निर्माण है, मगर कर्मचारियों की तो इन दिनों मुसीबत हो रही है। कलेक्ट्रेट कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर मेें एक शौचालय बनाया गया है मगर हाउसिंग बोर्ड के इंजीनियरों द्वारा उसका निर्माण बड़े ही बेतरतीब तरीके से किया गया है जिसके चलते आए दिन उसमें पानी भर जाता है।

  • 28 Oct 2025 2:47 PM IST

    महाकोशल कॉलेज में प्रदेश का पहला हथकरघा केंद्र

    प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी अग्रणी महाविद्यालय प्रदेश का पहला महाविद्यालय बन गया है, जहां पर हथकरघा केंद्र की स्थापना हुई। अब इसमें छात्र-छात्राओं को हथकरघा का प्रशिक्षण देकर और उन्हें राेजगार संचालित करने प्रेरित किया जाएगा। कॉलेज के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत हथकरघा केंद्र का उद्घाटन गतदिवस किया गया।

  • 28 Oct 2025 2:35 PM IST

    शाम ढलते ही चारों ओर लग गई वाहनों की लम्बी कतार

    शहर के कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जो कि भयावह जाम लगने के कारण कुख्यात होते जा रहे हैं। ऐसा ही कुछ हाल बड़ी ओमती चौक का भी है, जहां पर जाम लगना आम हो चुका है। सोमवार की शाम को एकाएक चारों ओर से दोपहिया और चारपहिया वाहन यहां आ गए। जिसके कारण यहां पर लम्बा-चौड़ा जाम लग गया।

Created On :   28 Oct 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story