टॉपर्स के लिए अवसर, आईआईटी दिल्ली ने आयोजित किया ओपन हाउस

टॉपर्स के लिए अवसर, आईआईटी दिल्ली ने आयोजित किया ओपन हाउस
इसी क्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों से परिचित कराने के लिए विशेष ओपन हाउस श्रृंखला आयोजित की है।

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस) जेईई (एडवांस्ड) 2026 का परिणाम घोषित होने के बाद देशभर के सफल छात्र अब अपने लिए उपयुक्त आईआईटी और पाठ्यक्रम चुनने की प्रक्रिया में जुटे हैं। इसी क्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों से परिचित कराने के लिए विशेष ओपन हाउस श्रृंखला आयोजित की है।

दिल्ली और हैदराबाद में ओपन हाउस किए गए हैं। रविवार, 7 जून को इस ओपन हाउस का अंतिम सत्र बेंगलुरु में आयोजित किया जा रहा है। आईआईटी दिल्ली की इस पहल का उद्देश्य छात्रों को संस्थान के शैक्षणिक माहौल, अनुसंधान सुविधाओं, छात्र जीवन, नवाचार संस्कृति और भविष्य के करियर अवसरों की प्रत्यक्ष जानकारी देना है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र संस्थान के वर्तमान विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और पूर्व छात्रों से सीधे संवाद कर रहे हैं तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों और विभागों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर रहे हैं। ओपन हाउस श्रृंखला की शुरुआत ‘आईआईटी दिल्ली कॉलिंग’ नामक ऑनलाइन सत्र से हुई थी, जिसमें छात्रों को संस्थान की विशेषताओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।

इसके बाद दिल्ली और हैदराबाद में आयोजित इंटरैक्टिव सत्रों में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। रविवार को बेंगलुरु में आयोजित अंतिम ओपन हाउस सत्र भारतीय विज्ञान संस्थान के सतीश धवन ऑडिटोरियम में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजकर 30 मिनट तक चलेगा। इस कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली के छात्र और प्राध्यापक उपस्थित रहेंगे तथा प्रतिभागियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुसंधान परियोजनाओं, छात्र गतिविधियों और कैंपस जीवन से जुड़ी विस्तृत जानकारी देंगे।

साथ ही, छात्रों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए जाएंगे। आईआईटी दिल्ली का मानना है कि जेईई (एडवांस्ड) में सफलता के बाद छात्रों के सामने सबसे महत्वपूर्ण निर्णय सही संस्थान और उपयुक्त पाठ्यक्रम का चयन करना होता है। ऐसे में ओपन हाउस जैसे कार्यक्रम छात्रों को वास्तविक अनुभवों और प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से बेहतर निर्णय लेने में सहायता प्रदान करते हैं।

संस्थान ने जेईई (एडवांस्ड) 2026 में सफल सभी छात्रों को बधाई देते हुए इस पहल का लाभ उठाने का आह्वान किया है, ताकि वे अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य को लेकर अधिक सूचित और आत्मविश्वासपूर्ण निर्णय ले सकें।

--आईएएनएस

जीसीबी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Jun 2026 5:02 PM IST

Tags

Next Story