यूजीसी-नेट अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की पुनर्परीक्षा के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी

यूजीसी-नेट  अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की पुनर्परीक्षा के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट जून 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। इसके जरिए अभ्यर्थियों को उन शहरों की जानकारी मिल सकेगी जहां उन्हें परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट जून 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। इसके जरिए अभ्यर्थियों को उन शहरों की जानकारी मिल सकेगी जहां उन्हें परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।

यूजीसी-नेट जून 2026 की यह पुनर्परीक्षा तीन विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। इसमें अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा शामिल हैं। अभ्यर्थी अपनी परीक्षा का शहर यूजीसी-नेट के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं। एनटीए के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंग्रेजी और कॉमर्स की पुनर्परीक्षा इसी महीने 9 सितंबर को होगी।

वहीं, समाजशास्त्र की परीक्षा अगले दिन यानी 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी। अंग्रेजी की परीक्षा 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक व कॉमर्स की परीक्षा उसी दिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी।

गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यूजीसी-नेट जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून 2026 के बीच 87 विषयों में आयोजित की थी। हालांकि इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में बड़ी संख्या में गंभीर त्रुटियां पाए जाने के बाद पुनर्परीक्षा कराने का फैसला किया है। इन परीक्षाओं में भाषा, वर्तनी की गलतियों के साथ-साथ पहले आयोजित परीक्षाओं में पूछे जा चुके प्रश्नों की पुनरावृत्ति भी बड़ी संख्या में सामने आई थी।

इस संदर्भ में 16 अगस्त की शाम एजेंसी ने एक आधिकारिक नोटिस भी जारी किया था। इन तीन विषयों के जो अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा देने जा रहे हैं, उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।

अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें मिलने के बाद स्वयं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने ही एक समिति गठित की थी। समिति ने जांच के बाद पाया कि इन तीनों प्रश्नपत्रों में कई तरह की त्रुटियां थीं। एनटीए की समीक्षा के बाद इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया गया था।

एनटीए ने बुधवार को स्पष्ट किया है कि एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप को एडमिट कार्ड नहीं माना जाए। इसमें अभ्यर्थी को उस शहर की जानकारी दी जाती है जहां उसका परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है, ताकि वह समय रहते यात्रा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कर सके। परीक्षा केंद्र का विस्तृत विवरण एडमिट कार्ड में दिया जाएगा।

अभ्यर्थी यूजीसी-नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एडवांस सिटी इंटीमेशन से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आवेदन संख्या और मांगी गई अन्य जानकारी दर्ज कर अपनी सिटी इंटीमेशन स्लिप देख और डाउनलोड कर सकते हैं। एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड और अन्य दिशा-निर्देशों से संबंधित सूचनाएं भी नियमित रूप से देखते रहें। सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी करने का उद्देश्य अभ्यर्थियों को परीक्षा शहर की जानकारी पहले उपलब्ध कराना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2026 12:35 PM IST

Tags

Next Story