अंडर-20 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप कुल 20 मेडल के साथ भारत का अभियान समाप्त

अंडर-20 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप कुल 20 मेडल के साथ भारत का अभियान समाप्त
थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंडर-20 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने 20 मेडल जीते। इनमें 4 गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारतीय पहलवानों ने चैंपियनशिप के दौरान अलग-अलग वेट कैटेगरी में लगातार पोडियम पर जगह बनाई और महिला रेसलिंग और पुरुष फ्रीस्टाइल, दोनों में टॉप-3 टीम रैंकिंग हासिल की।

पटाया, 6 जुलाई (आईएएनएस)। थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंडर-20 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने 20 मेडल जीते। इनमें 4 गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारतीय पहलवानों ने चैंपियनशिप के दौरान अलग-अलग वेट कैटेगरी में लगातार पोडियम पर जगह बनाई और महिला रेसलिंग और पुरुष फ्रीस्टाइल, दोनों में टॉप-3 टीम रैंकिंग हासिल की।

रविवार को खत्म हुए इस इवेंट की महिला रेसलिंग प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 184 प्वाइंट्स के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। भारत चैंपियन चीन (189 प्वाइंट्स) से थोड़ा पीछे रहा, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे जापान (142 प्वाइंट्स) को काफी पीछे छोड़ दिया। वहीं, भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल टीम 152 प्वाइंट्स के साथ टीम स्टैंडिंग में तीसरे स्थान पर रही; उनसे आगे विजेता कजाकिस्तान (170 प्वाइंट्स) और रनर-अप ईरान (164 प्वाइंट्स) रहे।

महिला प्रतियोगिता में अपनी बेहतरीन क्षमता और निरंतरता दिखाते हुए, भारतीय टीम ने 90 प्रतिशत पोडियम कन्वर्जन रेट हासिल किया। 10 में से 9 पहलवानों ने मेडल जीते और पारंपरिक रूप से मजबूत जापान को 42 प्वाइंट्स के बड़े अंतर से पछाड़ा।

महिला वर्ग में भारत की तरफ से परवीन (50 किग्रा), मुस्कान (53 किग्रा) और काजल (76 किग्रा) ने अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीते। परवीन ने उज्बेकिस्तान की शोखिस्ता शोनाजारोवा को 13-2 से मात दी, जबकि मुस्कान ने जापान की माई ओगावा को प्वाइंट्स के आधार पर 6-5 से हराया और काजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान की माहिरु फुजिता को 5-0 से हराया।

वहीं, मान्या राजपूत (57 किग्रा), सविता (62 किग्रा) और मनीषा (72 किग्रा) को चीनी पहलवानों के खिलाफ अपने-अपने फाइनल मुकाबले हारने के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। ब्रॉन्ज मेडल के प्ले-ऑफ में, काजल (55 किग्रा) ने उज्बेकिस्तान की साकिबजमल एसबोसीनोवा को 'फॉल' से हराया, कोमल (59 किग्रा) ने किर्गिस्तान की अकीलाई चिनीबायेवा को 'टेक्निकल सुपीरियरिटी' के आधार पर 12-0 से शिकस्त दी। मानसी लाथर (65 किग्रा) ने कोरिया की येओनवू सोंग को 13-2 से मात दी।

पुरुषों की फ्रीस्टाइल प्रतियोगिता में, सुमित कुमार लक्ष्मण (70 किग्रा) ने भारत के लिए एकमात्र गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने कजाकिस्तान के सुंगकर सेदाखमेट के खिलाफ हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले में 13-7 से जीत हासिल की। ​​पुष्प (61 किग्रा), सौरभ यादव (79 किग्रा) और रोनक (125 किग्रा) को अपने-अपने फाइनल में हारने के बाद सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा।

फ्रीस्टाइल टीम ने रोहित (57 किग्रा), आदर्श युवराज पाटिल (74 किग्रा) और लकी (97 किग्रा) के जरिए तीन ब्रॉन्ज मेडल और जीते। इन सभी ने अपने प्ले-ऑफ मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की।

इससे पहले, ग्रीको-रोमन कैटेगरी में, अक्षय राणा (97 किग्रा) ने सिल्वर मेडल जीता, जो फाइनल में ईरान के अमीरसम बेहनाम मोहम्मदी के हाथों 0-8 से हार गए। नीरज पटेल (55 किग्रा), अनुज (67 किग्रा) और धीरज कुमार मलिक (67 किग्रा) ने अपने-अपने प्ले-ऑफ मुकाबले प्वाइंट्स के आधार पर जीतकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।

अंडर-20 इवेंट से पहले, भारतीय टीम ने इसी वेन्यू पर अंडर-15 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में भी दबदबा बनाते हुए तीनों कैटेगरी में कुल 21 मेडल जीतकर अपना अभियान खत्म किया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 6:59 PM IST

Tags

Next Story