यूपी शराब के नशे में पिता ने बेटी के सिर में मारी गोली, हुई मौत
लखनऊ, 21 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक हैरान कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में एक पिता ने अपनी बेटी के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। यह घटना पीलीभीत के बीसलपुर के रामपुरा नौगवां गांव की है, जहां वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची बीसलपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतिका की पहचान 20 वर्षीय अंशिका गंगवार के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी पिता की पहचान अजयपाल गंगवार के तौर पर हुई है, जिस पर कहासुनी के दौरान अपनी बेटी को गोली मारने का आरोप है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी बीसलपुर, पीलीभीत ने जानकारी दी कि शुक्रवार शाम 6 बजकर 10 मिनट में यूपी 112 पर एक सूचना प्राप्त हुई कि थाना बीसलपुर के गांव रामपुरा नौगवां के अंतर्गत एक पिता द्वारा नशे की हालत में अपनी पुत्री को गोली मार दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की, जहां मृतिका के परिवारवालों के द्वारा बताया गया कि अंशिका गंगवार (उम्र 20 वर्ष), पुत्री अजयपाल गंगवार, उस वक्त घर पर मौजूद थी, जब उसके पिता अजयपाल गंगवार शराब पीकर घर में आए। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच पिता ने अपनी पुत्री के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस घटना के बाद अजयपाल गंगवार मौके से फरार हो गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जा रही है। इसी के साथ अभियुक्त की तलाश के लिए लगातार पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 11:06 PM IST












