यूपी टी20 लीग करण शर्मा ने प्रवीण आमरे को दिया अपनी बैटिंग में हुए सुधार का श्रेय
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने बताया कि मुंबई में अनुभवी बैटिंग कोच और भारत के पूर्व बल्लेबाज प्रवीण आमरे के साथ ट्रेनिंग करने के लिए अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने से उनकी पावर-हिटिंग और टाइमिंग में काफी सुधार हुआ है। हालांकि उन्होंने माना कि वर्षों से बनी बैटिंग की आदतों को बदलना एक मुश्किल मानसिक और शारीरिक चुनौती थी।
अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए अक्सर अपने बचपन के कोच राजन सचदेवा की मदद लेने वाले करण शर्मा ने सीजन से पहले आमरे के साथ 10 दिन बिताए ताकि वे अपने पोस्चर और स्विंग में छोटे-छोटे तकनीकी बदलाव कर सकें। इस मेहनत का नतीजा यह हुआ कि करण 9 मैचों में 37.25 की औसत और 146.8 के स्ट्राइक-रेट से 298 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में टॉप पर हैं।
करण ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए बताया, "मैं अपने बचपन के कोच राजन सचदेवा सर की मदद से बैटिंग पर काफी काम करता हूं। मैं उनसे बैटिंग के बारे में काफी बात करता हूं क्योंकि वे मेरी बैटिंग को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। हालांकि, इस सीजन से पहले मैंने कुछ अलग करने के बारे में सोचा - इसलिए मैं प्रवीण आमरे सर के साथ काम करने के लिए मुंबई गया।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने उनके साथ 10 दिन प्रैक्टिस की और बैटिंग के बारे में गहराई से समझा कि मैं अपनी बैटिंग को बेहतर बनाने और छोटी-छोटी चीजों पर काम करने के लिए और क्या कर सकता हूं। उन्होंने मेरी बैटिंग के एक-दो तकनीकी पहलुओं पर मेरी बहुत मदद की, उन्हें लगा कि मैं उनमें सुधार करके अपने खेल को और बेहतर बना सकता हूं। इसकी वजह से, मैंने खुद में अपने शॉट्स और पावर में बदलाव देखा और बॉल को बेहतर तरीके से टाइम करने लगा।"
उन्होंने यह भी बताया कि बैटिंग के पुराने तरीकों को बदलने के लिए उन्हें धैर्य की जरूरत थी, क्योंकि मैदान पर नतीजे दिखने से पहले शुरुआती मुश्किलें तो आनी ही थीं। "उन दस दिनों में - मेरा मतलब है कि अगर आप अपनी बैटिंग या किसी और चीज में कुछ भी बदलते हैं, तो जाहिर है कि यह आसान नहीं होता। एक बैटर के तौर पर जब आप अपना नेचुरल अंदाज बदलते हैं—खासकर तब जब आप लंबे समय से एक ही तरह से खेल रहे हों और वह आपकी 'मसल मेमोरी' का हिस्सा बन चुका हो—तो उस आदत को बदलना आसान नहीं होता। उस एक महीने में थोड़ी मुश्किल हुई, लेकिन उसके बाद मुझे बैटिंग में मजा आने लगा और चीजें समझ में आने लगीं।"
“मैंने अगले रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले फिर से वहां जाने और कुछ समय बिताकर अपनी खेल को बेहतर बनाने का प्लान बनाया है। मुझे लगता है कि अगर कोई बैटर लगातार सुधार नहीं कर रहा है, तो उसका खेल नीचे की ओर जा रहा है। इसी वजह से एक बल्लेबाज के तौर पर आपको हमेशा सुधार करते रहने की जरूरत होती है।"
दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास अभी प्वाइंट्स टेबल में आठ प्वाइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है, और नॉकआउट की दौड़ अब रोमांचक हो गई है। लगातार चार मैच हारने के बाद टीम की वापसी के बारे में बात करते हुए करण शर्मा ने पॉजिटिव रहने और प्रोसेस पर ध्यान देने की अहमियत बताई। इसी सोच के साथ टीम ने नोएडा किंग्स के खिलाफ 67 रनों से शानदार जीत हासिल की, जिसमें करण ने 51 गेंदों पर धुआंधार 102 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और पांच छक्के शामिल थे।
करण ने कहा, "अभी सब कुछ अच्छा चल रहा है। हमने जैसी शुरुआत की थी, उसके बाद बीच में हम थोड़े पिछड़ गए थे। मुझे लगता है कि हमने लगातार 3 या 4 मैच गंवा दिए थे। जब आप इस तरह जीतते हैं, तो जाहिर है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत अच्छा हो जाता है। इससे आपका हौसला बढ़ता है और वेन्यू भी बदला था। इसी कारण यह हमारे लिए रोमांचक था और इससे हमें लगा कि शायद हम आगे कुछ कर सकते हैं। अभी ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत अच्छा है। जब आप जीतते हैं, तो ज़ाहिर है कि टीम का माहौल अच्छा होता है। हालांकि, हमने वह समय भी देखा है जब हम हार रहे थे, तब भी हम पॉजिटिव रहने की कोशिश कर रहे थे। जो चीजें हमारे लिए काम कर रही हैं, हमें उन्हीं पर ध्यान देना चाहिए।”
अहम मैचों से पहले टीम को जमीन से जोड़े रखने के बारे में बात करते हुए करण ने जोर दिया कि नतीजों की चिंता करने के बजाय तुरंत छोटी-छोटी चीजों को सही ढंग से करने और वर्तमान में रहने पर ध्यान देना अधिक जरूरी है। “मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं जो प्रोसेस में बहुत विश्वास करता है। इसी वज से मैं उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करता हूं जो जीतने के लिए महत्वपूर्ण हैं। मैं टीम में और अपनी सोच में उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करता हूं, न कि सिर्फ यह सोचने पर कि हमें जीतना है।"
काशी रुद्रास के कप्तान ने कहा, "हम कैसे जीतते हैं और हमें क्या-क्या सही करना है, यह ज्यादा जरूरी है, भले ही हमें छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान देना पड़े। इसलिए, एक व्यक्ति के तौर पर मैं छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करता हूं जो हमें मैच जिताएंगी - जैसे हर बल्लेबाज के लिए छोटी-छोटी रणनीतियां। मेरी अपनी पर्सनैलिटी है - जैसे मैं खुद को वर्तमान में कैसे लाता हूं क्योंकि हमारा खेल पूरी तरह से पल में जीने के बारे में है।"
करण ने आगे कहा, "इसी वजह से मुझे लगता है कि हम पल में जीने की प्रैक्टिस करते रहते हैं। हम बहुत आगे या बहुत पीछे नहीं जाने की कोशिश करते हैं क्योंकि टूर्नामेंट में चीजें बहुत तेजी से चलती हैं। मुझे लगता है कि आप 20 दिनों में 10 मैच खेल रहे होते हैं। इसी वजह से आपको यह पक्का करना होगा कि जब आप अगले दिन आएं, तो पिछले मैच की जीत या हार आपके दिमाग में न हो।” काशी रुद्रस को पहले ही दो खिताब जिता चुके करण शर्मा ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि खिताब बचाए रखना ही सबसे बड़ी प्रेरणा है, लेकिन टीम का मुख्य फोकस तुरंत की रणनीतिक जरूरतों को पूरा करने पर है।
"काशी रुद्रस की सबसे बड़ी प्रेरणा ट्रॉफी जीतना है, लेकिन मुझे लगता है कि किसी भी टीम और खिलाड़ी के लिए इसे लगातार जीतना और भी बड़ी प्रेरणा है। हालांकि, इसके साथ ही हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि हम अगले मैच पर ध्यान दें और बहुत आगे या बहुत पीछे की न सोचें। हमें उन चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो अभी हो रही हैं और उन सभी छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना चाहिए जिनसे हमारा प्रदर्शन अच्छा हो, बजाय इसके कि हम यह सोचें कि इसके बाद हम फाइनल खेलेंगे या क्या-क्या होगा। हालांकि, मुझे लगता है कि टीम के नजरिए से, हमें उन चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो उस खास पल और उस खास समय पर जरूरी हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 9:19 PM IST












