उपराष्ट्रपति ने मंसूर अली खान और रजनीश कुमार अग्रवाल को दिलाई राज्यसभा की सदस्यता
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। संसद भवन में बुधवार को आयोजित एक समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने दो नवनिर्वाचित/पुनर्निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसकी जानकारी उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए दी।
शपथ लेने वाले सदस्यों में कर्नाटक से कांग्रेस के सांसद मंसूर अली खान और मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल शामिल हैं।
मंसूर अली खान कर्नाटक से राज्यसभा सांसद हैं। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में केरल और लक्षद्वीप के सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इसके अलावा, वह एक शिक्षाविद के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं।
वहीं, रजनीश कुमार अग्रवाल मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने भाजपा संगठन में लंबे समय तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह भाजपा मध्य प्रदेश के प्रदेश सचिव रह चुके हैं। इससे पहले उन्होंने बूथ मैनेजमेंट प्रभारी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता, भारतीय जनता युवा मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश महासचिव, प्रदेश उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदेश सचिव जैसे अहम पदों पर भी कार्य किया है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश भाजपा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर रजनीश कुमार अग्रवाल को बधाई दी। पार्टी ने लिखा कि मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश कुमार अग्रवाल ने आज संसद में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।
दोनों सांसदों के शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से राज्यसभा में अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू कर दिया है। संसद के आगामी सत्रों में दोनों सदस्य अपने-अपने राज्यों और राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करते हुए सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 2:01 PM IST












