'ऊर्जा बचत' की अपील नहीं मान रहे सीएम योगी, काफिले में चल रही सात गाड़ियां सपा विधायक
लखनऊ, 17 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया है कि वह ऊर्जा बचत को लेकर प्रधानमंत्री की अपील का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने राजधानी लखनऊ में वकीलों के चैंबर्स पर हुई कार्रवाई को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए।
आईएएनएस से बातचीत में रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील भी मुख्यमंत्री नहीं मान रहे हैं। आज प्रदेश के मुख्यमंत्री लोकभवन पहुंचे तो उनके पीछे सात गाड़ियां थीं। भाजपा नेताओं की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।
उन्होंने पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर भी सवाल उठाया और कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी और खुद विदेश यात्रा पर चले गए। भाजपा के नेता जो कह रहे हैं, उसका पालन खुद ही नहीं कर रहे हैं।
लखनऊ कोर्ट में वकीलों के चैंबर्स ध्वस्तीकरण पर उन्होंने कहा कि 40 साल से अधिक पहले बने वकीलों के चैंबर्स को तोड़ दिया गया। पुलिस ने वकीलों पर लाठीचार्ज किया, जिससे कई लोगों को चोटें आई हैं। भाजपा की सरकार लोगों पर जुल्म और अन्याय कर रही है।
यूपी मंत्रिमंडल में विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे पर रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि जिन्हें मंत्री बनाया गया है, वे विभागों के लिए घूम रहे हैं। राज्य सरकार के मंत्रियों के विभागों का फैसला भी केंद्र सरकार करती है। इसी कारण प्रदेश में कई मंत्री ऐसे हैं, जिनके पास विभाग ही नहीं हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में मृत्यु दर बढ़ गई है और जन्मदर घट गई है। बीमारियों की वजह से लोगों की मौतें हुई हैं। भाजपा सरकारें लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने में फेल हो गई हैं। इसके कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है। इसी वजह से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तीसरा बच्चा होने पर 30 हजार और चौथा बच्चा पैदा होने पर 40 हजार रुपए देने की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में भी ऐसा होना चाहिए।
नीट पर उन्होंने कहा कि परीक्षा निरस्त हुई, कई शहरों में छात्रों ने जान दे दी। भाजपा सरकार ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। शिक्षा मंत्री को हटाया भी नहीं गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 11:41 PM IST












