उर्वशी ढोलकिया बर्थडे स्पेशल सिंगल मदर से टीवी की आइकॉनिक विलेन तक का सफर
मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। किसी भी ड्रामा, फिल्म या सीरियल की सफलता में एक दमदार खलनायक का किरदार अहम भूमिका निभाता है, जो कहानी में रोमांच लाने के साथ दर्शकों को बांधे रखता है। भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री में कई ऐसे विलेन रहे हैं, जिन्होंने अपनी शानदार एक्टिंग से धारावाहिकों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मनोरंजन जगत में ऐसे लोकप्रिय विलेन के किरदार निभाने वाले नामों में एक उर्वशी ढोलकिया हैं।
उर्वशी ढोलकिया एक मशहूर टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री हैं। उनका जन्म 9 जुलाई 1979 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता गुजराती और मां पंजाबी मूल की हैं। उनका एक भाई भी है, जिसका नाम अनुरुप ढोलकिया है।
उर्वशी ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत महज 6 वर्ष की उम्र में लक्स साबुन के एक विज्ञापन से की। हालांकि, छोटी उम्र में ही उन्होंने जीवन के कई उतार-चढ़ाव को देखा। उर्वशी ने महज 16 वर्ष की उम्र में शादी कर ली और 17 वर्ष की उम्र में वह जुड़वां बेटों (क्षितिज और सागर) की मां बनीं। हालांकि, उर्वशी की शादी ज्यादा समय तक टिक नहीं पाई। विवाह के मात्र डेढ़ वर्ष बाद उनका तलाक हो गया।
तलाक के बाद उर्वशी को कई प्रकार की चुनौतियों को सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। मुश्किल दौर से सीख लेते हुए, उन्होंने सिंगल मदर के रूप में अपने दोनों बेटों की परवरिश की।
उर्वशी के करियर की बात करें तो उन्होंने 90 के दशक में कई प्रसिद्ध टीवी शो में काम किया, जिसमें 'श्रीकांत', 'देख भाई देख', 'कभी सौतन कभी सहेली', 'शक्तिमान', 'चंद्रकांता', 'नागिन 6', ‘कसौटी जिंदगी की’, 'घर एक मंदिर', 'बेताब दिल की तमन्ना है', 'मेहंदी तेरे नाम की' जैसे नाम शामिल हैं।
हालांकि, एकता कपूर की मशहूर धारावाहिक ‘कसौटी जिंदगी की’ में 'कोमोलिका बसु' का किरदार ने उन्हें काफी सराहना दिलाई। विलेन के इस रोल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और कई अवॉर्ड्स दिलाए।
उर्वशी देश के सबसे बड़े, चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो में से एक, ‘बिग बॉस 6’ की विजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा, वह 'नच बलिए सीजन 9', 'झलक दिखला जा सीजन 11' और 'द 50' जैसे रियलिटी शो में एक प्रतिभागी के तौर पर भी नजर आ चुकी हैं।
उर्वशी ढोलकिया की बॉलीवुड जर्नी की बात करें, तो उन्होंने 'बाबुल', 'कब तक चुप रहूंगी', और 'इज्जत' जैसी कुछ लोकप्रिय हिंदी फिल्मों में काम किया है। वहीं, अभिनेत्री आज भी मनोरंजन जगत में काफी सक्रिय हैं और अपने ग्लैमरस, बोल्ड व बेबाक अंदाज के लिए सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 8:46 PM IST












