उत्तम नगर के मटियाला इलाके में आग का तांडव, 400 झुग्गियां जलकर राख

उत्तम नगर के मटियाला इलाके में आग का तांडव, 400 झुग्गियां जलकर राख
उत्तम नगर के मटियाला इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसने देखते ही देखते इलाके की करीब 400 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। उत्तम नगर के मटियाला इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसने देखते ही देखते इलाके की करीब 400 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे मटियाला की मच्छी मार्किट के पास बनी झुग्गियों में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था और आसमान लाल नजर आने लगा। आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले कुछ झुग्गियों से धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन थोड़ी ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। झुग्गियां एक-दूसरे के काफी करीब होने के कारण आग ने तेजी से कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत झुग्गियों से बाहर निकलना शुरू कर दिया। कई लोग अपने जरूरी सामान भी नहीं निकाल पाए और देखते ही देखते सब जलकर राख हो गया।

आग लगने की सूचना रात 11 बजकर 54 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचनी शुरू हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए करीब 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार तड़के करीब 3 बजकर 25 मिनट पर आग पर काबू पा लिया।

बताया जा रहा है कि इस भीषण आग में करीब 400 झुग्गियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग इतनी भयानक थी कि कई परिवारों का सारा सामान जल गया और वे बेघर हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की खबर नहीं आई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 March 2026 7:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story