उत्तम नगर में मृतक के परिजनों से मिलने से रोके जाने पर भड़के सौरभ भारद्वाज, दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप

उत्तम नगर में मृतक के परिजनों से मिलने से रोके जाने पर भड़के सौरभ भारद्वाज, दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप
उत्तम नगर में होली के दिन हुई 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या के बाद उसके परिजनों से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया।

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। उत्तम नगर में होली के दिन हुई 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या के बाद उसके परिजनों से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया।

इस घटना के बाद सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि दिल्ली पुलिस एक नौजवान की मौत पर भी राजनीति कर रही है तथा भाजपा के दबाव में काम कर रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वे मृतक तरुण के परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देने के लिए उत्तम नगर पहुंचे थे।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हाथ जोड़कर केवल दो लोगों को परिवार से मिलने की अनुमति देने का अनुरोध किया था, लेकिन वहां मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे यह कहकर अस्वीकार कर दिया कि मामला बेहद संवेदनशील है। भारद्वाज के अनुसार, पुलिस ने उन्हें मिलने से रोक दिया, जबकि उनके सामने ही भाजपा के लगभग 20 लोगों को अंदर जाने दिया गया।

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक युवा की मौत के बाद भी राजनीति की जा रही है। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के जवानों को आगे कर दिया जाता है, जबकि पीछे से वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस कमिश्नर षड्यंत्र रचते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कमिश्नर भी इस तरह के मामलों में राजनीति करना चाहते हैं, तो यह दिल्ली पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। सौरभ भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि मृतक तरुण का परिवार पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लगातार यह आरोप लगा रहा है कि मामले की जांच ठीक ढंग से नहीं की जा रही है।

उन्होंने एक अन्य मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से कमल ध्यानी की मौत के मामले में भी परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उस मामले में पुलिस ने एक गरीब मजदूर को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन असली ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई।

इसी बीच, आम आदमी पार्टी ने मंगोलपुरी में कुछ दिन पहले हुई एक छात्र की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता भी की है। सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक मदद प्रदान की है। इस दौरान पूर्व विधायक राखी बिड़लान, पार्षद राकेश जाटव और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 March 2026 2:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story