उत्तर प्रदेश नीट परीक्षा से पहले गाजियाबाद में छात्र ने किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस
गाजियाबाद, 20 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार ने नीट परीक्षा से दो दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, पुलिस मृतक के परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार, सेक्टर-9, एच-ब्लॉक का निवासी जतिन नीट की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार सुबह परिवार ने उसे उसके कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ पाया। आत्महत्या से पहले, जतिन ने 1 मिनट 4 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था जिसमें उसने कहा था कि नीट को लेकर उस पर कोई दबाव या तनाव नहीं है। हालांकि, उसने खुद को थोड़ा उदास महसूस करने की बात कही थी। पुलिस ने वीडियो बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि मैं उस समय वहां मौजूद नहीं था। उसका स्वभाव बहुत अच्छा था, वह हंसमुख बच्चा था... उस बच्चे या परिवार पर नीट परीक्षा का कोई दबाव कभी दिखाई नहीं दिया। रात 8 बजे तक वह अपने दादाजी से बड़े प्यार से बातें कर रहा था... हम सब इस घटना से स्तब्ध हैं..."
इससे पहले 17 जून को दिल्ली में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा के कथित तौर पर आत्महत्या की ली। मृतक छात्रा की पहचान रेणु के तौर पर हुई है, जो दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थी।
शुरुआती जांच में पता चला कि छात्रा ने 3 मई को नीट परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने के बाद से कथित तौर पर वह डिप्रेशन से जूझ रही थी। पुलिस ने बताया कि 13 जून को रेणु के पिता अपने ससुर की मौत के बाद ससुराल गए थे। घटना के समय रेणु घर पर अकेली थी। उसने कथित तौर पर 13 जून की शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मौके से मिले सुसाइड नोट से उसकी मानसिक परेशानी का पता चला। नोट में उसने अपने माता-पिता से माफी मांगी और लिखा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब खासकर नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक के आरोपों के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की मानसिक सेहत को लेकर चिंता बढ़ रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 11:29 PM IST












