उत्तराखंड दूल्हे की डिमांड सुनकर दुल्हन के पिता की मौत, बारातियों की हुई पिटाई
देहरादून, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के खटीमा में एक मैरिज हॉल में रविवार रात उस समय खुशी का माहौल मातम में बदल गया, जब निकाह के दौरान दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद के बीच दुल्हन के पिता को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुल्हन के पिता की मौत की खबर मिलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित लोगों ने दूल्हे समेत कई बारातियों को बंधक बनाकर मारपीट की। यह घटना वार्ड नंबर-7, इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल की है, जहां बरेली के बड़ा फरीदपुर से सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात आई थी। बारात के स्वागत तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही लड़के पक्ष लगातार दहेज की मांग बढ़ाते रहे। पहले स्कूटी की मांग की गई, बाद में उसकी जगह अपाचे बाइक और एक लाख रुपए नकद की मांग रखी गई। वहीं, निकाह के दौरान लड़की पक्ष ने पांच लाख रुपए मेहर तय करने की बात कही, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपए पर अड़ा रहा। काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी।
इसी विवाद के बीच तनावग्रस्त दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल में उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन समेत कई बारातियों के साथ मारपीट की।
हालात इतने बिगड़ गए कि कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के समीप एक मकान की छत से कूदकर भागना पड़ा। इस दौरान छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। विवाद के दौरान मैरिज हॉल में कुर्सियां तोड़ी गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोतवाल विजेंद्र शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने महिला, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में वार्ता जारी रही।
कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि समझौता नहीं होता है, तो दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Jun 2026 4:41 PM IST












