उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें पंगती

उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें पंगती
उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति को लेकर उठ रहे सवालों के बीच खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त आयुक्त पी.एस. पंगती ने प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों से बचें।

देहरादून, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति को लेकर उठ रहे सवालों के बीच खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त आयुक्त पी.एस. पंगती ने प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों से बचें।

पी.एस. पंगती ने कहा कि हाल ही में '20 लाख सिलेंडर की जरूरत जैसे आंकड़ों को लेकर जो खबरें सामने आईं, उनसे अनावश्यक घबराहट पैदा हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंकड़ों को संदर्भ से अलग देखने पर भ्रम पैदा होता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 2025 में जितना एलपीजी आवंटन प्राप्त किया था। उसी स्तर को बनाए रखने और उसमें लगभग 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राज्य या देश की नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर की चुनौती है, इसलिए इससे निपटने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने मीडिया और आम जनता से भी सकारात्मक सहयोग की अपील की, ताकि स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।

अतिरिक्त आयुक्त ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि फिलहाल नए घरेलू गैस कनेक्शन देने पर अस्थायी रोक लगाई गई है। यह फैसला केवल कुछ समय के लिए लिया गया है, ताकि किसी तरह की अफरातफरी या दुरुपयोग की स्थिति न बने।

उन्होंने कहा कि कई बार लोग अनावश्यक रूप से कनेक्शन लेकर उसका गलत इस्तेमाल करते हैं, इसलिए स्थिति सामान्य होने तक इसे होल्ड पर रखा गया है। जल्द ही इसे फिर से शुरू किया जाएगा।

पंगती ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और अस्पतालों व शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 14 लाख राशन कार्ड धारकों को अप्रैल महीने में ही तीन महीने का राशन एक साथ बायोमेट्रिक माध्यम से वितरित किया जा रहा है।

कमर्शियल सिलेंडर को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने 66 प्रतिशत आवंटन का एसओपी जारी कर दिया है और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा सप्लाई लगातार बढ़ाई जा रही है। प्रयास किया जा रहा है कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति भी पूरी तरह नियमित हो जाए।

आगामी शादी सीजन को देखते हुए सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत प्रतिदिन 660 कमर्शियल सिलेंडर जारी किए जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। शादी के लिए सिलेंडर लेने के लिए लोगों को आवेदन करना होगा और शादी का कार्ड प्रस्तुत करना होगा।

चारधाम यात्रा को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। पंगती ने बताया कि मुख्य सचिव स्तर से केंद्र सरकार को मांग पत्र भेजा गया है, जिसमें पिछले साल की तरह ही आपूर्ति बनाए रखने और उसमें 5 प्रतिशत वृद्धि की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि बड़े आंकड़ों को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि व्यवस्थाएं पहले से ही की जा रही हैं।

कुछ जगहों पर लंबी कतारों की खबरों पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह सही नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि केवल देहरादून में ही रोजाना करीब 15,500 से 16,000 सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है। लगातार होम डिलीवरी की जा रही है और गैस लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने माना कि पहले थोड़ी परेशानी जरूर थी, लेकिन अब स्थिति में सुधार हो रहा है।

अगर किसी कारण से गैस आपूर्ति में दिक्कत आती है, तो उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है। वन विभाग और वन निगम ने राज्य के करीब 65 डिपो पर पर्याप्त मात्रा में लकड़ी का भंडारण कर रखा है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसे उपलब्ध कराया जा सके।

सरकार ने कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पंगती ने बताया कि 5-6 अप्रैल तक राज्य में 17 एफआईआर दर्ज की गई हैं। 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 1,037 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 1 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया है। हर जिले में क्विक रिस्पॉन्स टीम बनाई गई है, जो लगातार निगरानी कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 5:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story