'वह पहले जैसी लय में नहीं दिख रहे', ग्रीन की खराब फॉर्म पर बोले आरोन फिंच

वह पहले जैसी लय में नहीं दिख रहे, ग्रीन की खराब फॉर्म पर बोले आरोन फिंच
आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेलते हुए कैमरून ग्रीन का निराशाजनक प्रदर्शन लगातार तीसरे मुकाबले में भी जारी रहा। ग्रीन की हालिया फॉर्म को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच का कहना है कि ग्रीन की बल्लेबाजी में थोड़ी घबराहट दिख रही है और वह पहले जैसी लय में नहीं दिख रहे हैं।

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेलते हुए कैमरून ग्रीन का निराशाजनक प्रदर्शन लगातार तीसरे मुकाबले में भी जारी रहा। ग्रीन की हालिया फॉर्म को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच का कहना है कि ग्रीन की बल्लेबाजी में थोड़ी घबराहट दिख रही है और वह पहले जैसी लय में नहीं दिख रहे हैं।

केकेआर ने ग्रीन को आईपीएल 2026 के ऑक्शन में 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, ग्रीन अब तक टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं। 3 मुकाबलों में ग्रीन ने सिर्फ 24 रन बनाए हैं। इसके साथ ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के कहने पर वह वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से शुरुआती मुकाबलों में गेंदबाजी भी नहीं कर रहे हैं। ग्रीन के गेंदबाजी न करने का असर केकेआर के टीम संतुलन पर भी पड़ा है।

आरोन फिंच ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' के साथ बात करते हुए ग्रीन की फॉर्म को लेकर कहा, "तीन मुकाबलों में से एक में वह रनआउट हुए थे, जिसमें उनकी कोई गलती नहीं थी। फिर भी वह दो बार नाकाम रहे हैं। बल्लेबाजी करते हुए ग्रीन थोड़े घबराए हुए नजर आ रहे हैं; वह पहले जैसी लय में नहीं दिख रहे हैं। याद है जब वह मुंबई इंडियंस के लिए बैटिंग ऑर्डर में ऊपर खेलते थे, तो उनका खेलने का अंदाज कितना अलग होता था? क्रीज पर वह तब काफी हावी होकर खेलते थे। अब वह थोड़े हिचकिचाते हुए दिख रहे हैं। ग्रीन को बैटिंग ऑर्डर में नीचे नहीं भेजना चाहिए। आप उन्हें टॉप ऑर्डर में खिलाओ या फिर उन्हें आराम दे दो।"

फिंच ने पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हुए मैच में केकेआर के रणनीतिक फैसलों पर भी सवाल उठाए। फिंच बादल छाए रहने और बारिश से प्रभावित हालात होने के बावजूद कप्तान अजिंक्य रहाणे के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले से नाखुश दिखाई दिए।

उन्होंने कहा, "टॉस जीतकर और विकेट के एक दिन तक कवर के नीचे रहने के बाद बल्लेबाजी करने का फैसला करना, जबकि आपको पता है कि बारिश का माहौल है। इसका कोई मतलब ही नहीं बनता था। यह मेरे लिए एक खतरे की घंटी है। आपके पास सारी जानकारी होने के बाद भी आप गलत फैसला ले रहे हैं।"

केकेआर का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने तीन मुकाबले खेले हैं, जिसमें से दो में केकेआर को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, सोमवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। केकेआर के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही इस सीजन में अब तक लय में दिखाई नहीं दिए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 1:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story