वैभव को मौका मिलना चाहिए लेकिन किसी को ड्रॉप करके नहीं पार्थिव पटेल
नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भारत के टॉप ऑर्डर को लेकर हो रही चर्चा पर बात की। पुजारा ने साफ किया कि उन्हें नहीं लगता कि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह देने के लिए संजू सैमसन को ड्रॉप करना चाहिए।
पुजारा ने कहा कि टीम में सैमसन की जगह को लेकर लगातार अटकलें लगाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज को और मौके मिलने चाहिए। पूर्व बल्लेबाज ने 'जियोस्टार' पर कहा, “मुझे लगता है कि भारत को संजू सैमसन के साथ बने रहना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई दबाव महसूस करना चाहिए। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में खुद को साबित किया है और उनके पास जिस तरह का टैलेंट है, उसे देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए।”
हालांकि पुजारा ने माना कि वैभव सूर्यवंशी ने मौका कमाया है। उन्होंने कहा कि 15 वर्षीय बल्लेबाज को भारत के जमे-जमाए टॉप ऑर्डर को बिगाड़ने की कीमत पर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर वैभव को खेलना है, तो उन्हें खेलना चाहिए, लेकिन किसी को ड्रॉप करके नहीं, बल्कि किसी को आराम देकर। अगर आप उन्हें मौका देना चाहते हैं, तो ठीक है। हालांकि, आपको भारत के टॉप तीन खिलाड़ी में से किसी को भी ड्रॉप नहीं करना चाहिए, चाहे वह संजू हो, अभिषेक हो या ईशान किशन। इसके बावजूद, वैभव एक मौके के हकदार हैं, और उन्हें मौका मिलेगा।"
पुजारा ने कप्तान श्रेयस अय्यर की शांत पारी की भी तारीफ की। अय्यर जब बल्लेबाजी करने उतरे, तो भारतीय टीम सिर्फ 6 रनों के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी। हालांकि, उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 82 रनों की अहम साझेदारी निभाई, जिसके बूते भारतीय टीम 189 के टोटल तक पहुंच सकी। अय्यर ने 47 गेंदों में 68 रन बनाए। पुजारा ने कहा, "श्रेयस अय्यर की यह एक अहम पारी थी, और जब आप टीम को लीड कर रहे होते हैं, तो आप हमेशा आगे से लीड करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बहुत परिपक्वता दिखाई, क्योंकि भारत कुछ शुरुआती विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में था।”
पुजारा ने अय्यर को मैच की स्थिति के हिसाब से अपनी पारी को आगे बढ़ाने का श्रेय भी दिया। उन्होंने कहा, “अभिषेक ने अच्छी पारी खेली, लेकिन श्रेयस के लिए एक छोर संभाले रखना और अपना समय लेना जरूरी था। एक बार जब वह सेट हो गए, तो उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले। अगर आप 20 ओवर के आखिर में उनकी इनिंग देखेंगे, तो आपको पता चलेगा कि एक कैप्टन के तौर पर आपने अपना काम किया है। आपने अपनी टीम को बहुत मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। यह श्रेयस की एक कप्तान और एक बल्लेबाज, दोनों के तौर पर एक परफेक्ट पारी थी।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 12:52 PM IST












