वैशाली की धरती पर पीएम मोदी का दौरा, बिहार के लिए सौभाग्य की बात दिलीप जायसवाल

पटना, 6 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बिहार सरकार के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर हो रहे इस दौरे को सत्तारूढ़ एनडीए के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। बिहार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल और जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत में इस दौरे और सरकार के एक साल के कार्यकाल पर अपनी बात रखी।
बिहार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार जनता ने बहुत भारी बहुमत से बनाई है और सरकार को एक वर्ष पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा 21 तारीख को वैशाली की धरती पर है। जब प्रधानमंत्री बिहार आएंगे, तो एक वर्ष में बिहार ने जो विकास किया है, उसे आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। युवाओं को रोजगार देने के साथ ही समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाना भी सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार के दूसरे वर्ष में युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा उद्योग और कुटीर उद्योग लगाने का काम किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आना राज्य के लिए सौभाग्य की बात है। इससे बिहार और आगे बढ़ेगा और विकसित होगा। प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि बिहार आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का बीस वर्षों का कार्यकाल रहा है। इसके कुछ महीने एनडीए के शासन के इस एक वर्ष में भी शामिल हैं। इस एक वर्ष के पूरे होने में सम्राट चौधरी के कार्यकाल के भी कई महीने हैं। सम्राट चौधरी भी उसी तरह बिहार के विकास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं, जैसा नीतीश कुमार ने सोचा था।
प्रधानमंत्री के बिहार आगमन पर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बिहार को लगातार सहायता मिलती रही है। बिहार ने जब भी कोई अपेक्षा की, पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने उसे पूरा किया। इसके लिए बिहार आभार प्रकट करता है। प्रधानमंत्री का आना निःसंदेह स्वागत योग्य है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
