प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी से की मुलाकात

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आवास पर भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी और बच्चे से मुलाकात की। पीएम ने इस मुलाकात की एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर साझा की है।
पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है। उस वीडियो में वह सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और उनके साथ आए बच्चों से मिलते और बात करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में पूर्व कप्तान के साथ आई एक नन्ही बच्ची के सुनाए एक भजन पर पीएम मोदी मंत्रमुग्ध दिख रहे हैं। वीडियो में सूर्यकुमार यादव की मई में जन्मी बेटी रिधिमा की भी झलक मिली है। प्रधानमंत्री सूर्यकुमार यादव की बेटी को पुचकारते हुए नजर आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कैप्शन में लिखा, "दिवाली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दिवाली का माहौल और भी पवित्र और दिव्य हो गया है।"
धनतेरस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ सूर्यकुमार यादव की सपरिवार मुलाकात बेहद खास है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था। यह पहला मौका था, जब किसी टीम ने अपने घर में टी20 विश्व कप जीता था। बतौर कप्तान विश्व कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को उनकी निजी खराब फॉर्म के कारण अगली सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया। सूर्या घरेलू क्रिकेट खेलकर भारतीय टीम में वापसी की कोशिश में हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान को घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है।
टी20 फॉर्मेट में कभी दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज रहे सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए 113 टी20 मैचों में 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाते हुए 3,272 रन बनाए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
