वैश्विक संकट में स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ काम कर रही सरकार मुख्तार अब्बास नकवी
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया संकट को लेकर बीच भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्र सरकार की भूमिका को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार के भीतर किसी तरह का भ्रम या विरोधाभास नहीं है, बल्कि पूरी स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ काम किया जा रहा है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस आपदा के समय में भी अवसर तलाशने में लगे हुए हैं और सियासत करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ हालात को संभाल रही है और देश को इस संकट से बाहर निकालना उसकी प्राथमिकता है।
उन्होंने युद्ध के प्रभाव पर बात करते हुए कहा कि कोई भी जंग अस्थायी होती है, लेकिन उसका असर लंबे समय तक रहता है। उन्होंने 1945 में हुए हिरोशिमा और नागासाकी के हमलों का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके जख्म आज भी दुनिया महसूस करती है।
भाजपा नेता ने साफ तौर पर कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने बताया कि भारत की भूमिका शुरू से ही यही रही है कि युद्ध खत्म होना चाहिए और शांति कायम होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस संकट के दौरान कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी मजबूती और जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है ताकि देश को आने वाली दिक्कतों से राहत मिल सके।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "इस युद्ध के कारण जो चुनौतियां सामने आ रही हैं, उनसे देश को निजात दिलाना सरकार की प्राथमिकता है लेकिन कुछ लोग इस समय भी सियासत का गणित लगा रहे हैं।"
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के अयोध्या दौरे पर टिप्पणी करते हुए नकवी ने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम पर सवाल उठाते थे, वे भी अब राम की शरण में पहुंच रहे हैं, जो एक अच्छा संकेत है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 5:00 PM IST












