'वनडे में अपना बेस्ट प्रदर्शन करेंगे', टी20 सीरीज गंवाने के बावजूद कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने जताया भरोसा

वनडे में अपना बेस्ट प्रदर्शन करेंगे, टी20 सीरीज गंवाने के बावजूद कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने जताया भरोसा
साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने उम्मीद जताई है कि टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में अपना बेस्ट प्रदर्शन करेगी। साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

क्राइस्टचर्च, 28 मार्च (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने उम्मीद जताई है कि टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में अपना बेस्ट प्रदर्शन करेगी। साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2029 वर्ल्ड कप के क्वालिफिकेशन के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रविवार को क्राइस्टचर्च में होने वाले पहले वनडे मुकाबले से पहले लौरा वोल्वार्ट ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताया।

उन्होंने कहा, "हमने अपनी पिछली गलतियों पर अच्छे से विचार-विमर्श किया है और कुछ मीटिंग भी की हैं। जाहिर है हम इस वनडे सीरीज में काफी बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। यह एक ऐसा फॉर्मेट है जिसमें हमने पिछले कुछ महीनों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यही कारण है कि अब हमें यह सोचना होगा कि हमारे लिए क्या चीजें काम आई हैं। खासकर हम यह देखेंगे कि उस वर्ल्ड कप में हमने क्या सही किया था।"

टी20 में मिली हार के बावजूद, वोल्वार्ट 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी टीम की ताकत पर ही ध्यान केंद्रित कर रही हैं। उन्होंने कहा, "शायद टी20 मुकाबलों में हम अपनी योजनाओं को उस तरह से लागू नहीं कर पाए जैसा हम चाहते थे, लेकिन मुझे लगता है कि वनडे मुकाबलों के लिए हमने जो योजनाएं बनाई हैं, वे काफी मजबूत हैं। इसी वजह से मुझे उम्मीद है कि हम इस बार बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।"

साउथ अफ्रीका ने वनडे क्रिकेट में खुद को दुनिया की शीर्ष टीमों में से एक साबित किया है। साउथ अफ्रीका ने साल 2022 में खेले गए वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। वहीं, 2025 में टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी, जहां उन्हें भारत के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। आईसीसी महिला चैंपियनशिप की रैंकिंग में भी साउथ अफ्रीका की स्थिति काफी मजबूत है। इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने के बाद साउथ अफ्रीका न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बाद तीसरे स्थान पर काबिज है।

वोल्वार्ट ने चैंपियनशिप के संदर्भ में हर मैच के महत्व पर जोर देते हुए कहा, प्वाइंट्स बहुत ज्यादा जरूरी हैं। जाहिर तौर पर ये प्वाइंट्स चैंपियनशिप के लिए हैं। हम शुरू में ही ऐसी स्थिति में पहुंचना चाहते हैं जहां हम क्वालीफाई कर सकें और साइकिल के आखिर में हम दबाव में ना रहें। इसी कारण यह मैच बहुत जरूरी होगा। हम इस सीरीज में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने के लिए उत्सुक हैं और उम्मीद है कि इससे खिलाड़ियों का बेस्ट प्रदर्शन सामने आएगा।" वनडे फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की आखिरी भिड़ंत विश्व कप में हुई थी, जहां साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 2:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story