वंदे मातरम में उलझाकर महंगाई-बेरोजगारी से ध्यान भटका रही सरकार, चुनाव सपा और भाजपा के बीच ही होगा अखिलेश यादव
लखनऊ, 24 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को महंगाई, बेरोजगारी और दूसरी जनसमस्याओं से भटकाने के लिए नए-नए मुद्दे उठा रही है और अब वंदे मातरम् के मुद्दे में लोगों को उलझाने की कोशिश की जा रही है।
सपा के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा जनता को वास्तविक मुद्दों से दूर रखना चाहती है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और त्योहार के समय इसमें और इजाफा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने लोगों को मुनाफा पहुंचाने के लिए चीनी महंगी की गई है। भाजपा को आम जनता की चिंता नहीं है, बल्कि उसका ध्यान उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने पर है।
उन्होंने कहा, “पहले बोरी में खाद चोरी हो रही थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई है।” अखिलेश ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को खाद और उनकी उपज के उचित दाम से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में पशुपालकों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम ने पशुपालकों की करीब 350 भैंसें जब्त कर ली हैं और डेयरी संचालकों को परेशान किया जा रहा है। प्रशासन अपनी नाकामी छिपाने के लिए पशुपालकों का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने सरकार से पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई रोकने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। इस दौरान बुद्धेश्वर क्षेत्र के डेयरी संचालकों ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। सपा अध्यक्ष ने उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
अखिलेश ने भाजपा सरकार के विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर एक्सप्रेस-वे पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन वह जगह-जगह उखड़ गया। इसी तरह गंगा एक्सप्रेस-वे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह की सड़कें बनाई जा रही हैं, उससे सरकार के विकास के दावों की वास्तविकता पर सवाल उठते हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा वाले अपनी सीटें तक नहीं बांट पा रहे थे, इसलिए उन्होंने उनकी सीटें बांट दीं।
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों की स्थिति चिंताजनक है। बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ पौष्टिक और गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय खरीदे गए बर्तन आज भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं। यहां तक कि दस साल पुराने गिलास भी बच्चों के काम आ रहे हैं। सरकार को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने राम मंदिर से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंदिर के बाहर पैसे मांगने वाले लोग भी चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा वालों ने राम मंदिर में चोरी कर ली।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग प्रभु श्रीराम के नाम पर मिले धन में चोरी कर सकते हैं, वे चुनाव में बेईमानी करने के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। सपा अध्यक्ष ने आरक्षण के मुद्दे पर कहा, “आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण आगे भी रहेगा।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे पर लगातार मजबूती से अपनी बात रखती रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Aug 2026 9:01 PM IST












