वंदे मातरम पर कांग्रेस का विरोध 1934 से, वोट बैंक के लिए कर रही राजनीति संजय सरावगी

वंदे मातरम पर कांग्रेस का विरोध 1934 से, वोट बैंक के लिए कर रही राजनीति संजय सरावगी
वंदे मातरम को लेकर चल रहे सियासी विवाद पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस का वंदे मातरम् का विरोध कोई नया नहीं है, बल्कि पार्टी 1934 से ही इसका विरोध करती आ रही है।

पटना, 9 सितंबर (आईएएनएस)। वंदे मातरम को लेकर चल रहे सियासी विवाद पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस का वंदे मातरम् का विरोध कोई नया नहीं है, बल्कि पार्टी 1934 से ही इसका विरोध करती आ रही है।

पटना में आईएएनएस से बात करते हुए संजय सरावगी ने कहा, "कांग्रेस 1934 से ही इसका विरोध करती आ रही है। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी कहा है कि वंदे मातरम या भारत माता की जय के नारे लगाने पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। अगर इसमें हमारे देश की संस्कृति और सनातन परंपराएं झलकती हैं, तो कांग्रेस को क्या समस्या है? वंदे मातरम हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों द्वारा गाया गया था। इसलिए, इसका विरोध करना सही नहीं है।"

सरावगी ने श्रीनगर में हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उदाहरण देते हुए कहा, "श्रीनगर में पहली बार इंटरनेशनल फिल्म फ़ेस्टिवल हुआ, फारूक़ अब्दुल्ला समेत सभी लोग वंदे मातरम के छह छंदों के गायन के दौरान खड़े रहे, सभी सहमत हैं, लेकिन कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के कारण विरोध कर रही है, लोग यह देख रहे हैं, वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

बिहार भाजपा अध्यक्ष ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर के बयान पर दर्ज हुए केस को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने इसे तुष्टिकरण की राजनीति बताया।

सरावगी ने कहा, "जो व्यक्ति मां दुर्गा की पूजा की पवित्रता बनाए रखने की बात करता है, उसके खिलाफ केस दर्ज करना तुष्टिकरण की राजनीति है। कांग्रेस अपने वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की किसी भी हद तक जा सकती है। बाबा बागेश्वर भगवती और मां दुर्गा की पूजा की पवित्रता के बारे में बात करते हैं। हमारे मुख्यमंत्री ने भी अष्टमी के दिन शराब की दुकानें बंद करने का फैसला किया है। जब भी भगवान राम, हनुमान या मां भगवती की बात होती है, तो कांग्रेस वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की इस हद तक गिर जाती है और देश की जनता यह सब देख रही है।"

कांग्रेस द्वारा फिल्फ 'हनुमान अंश' पर सवाल उठाने को लेकर सरावगी ने कहा कि कांग्रेस, एसपी और राशिद अल्वी जैसे नेता हर चीज को वोट-बैंक की राजनीति के नज़रिए से देखते हैं। उन्होंने कहा, "यह सही नहीं है। जब कोई फिल्म राम, हनुमान और संतों की सेवा को दिखाती है, तो वे उसमें राजनीति देखते हैं। जनता यह सब समझती है। ऐसी फिल्में सनातन संस्कृति और आस्था को मजबूत करती हैं।"

बिहार में बाढ़ की स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से सजग है और लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा, "बाढ़ अंतरराष्ट्रीय मामला है, यह सब जानते हैं। पानी घट रहा है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इसे लेकर पूरी सरकार लगातार सक्रिय है। सरकार सजग रहकर काम कर रही है। मुख्यमंत्री खुद सर्वे कर रहे हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि बिहार सरकार के संसाधनों पर प्रथम अधिकार आपदा पीड़ित लोगों का है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Sept 2026 1:13 PM IST

Tags

Next Story