यूपी काशी विश्वनाथ मंदिर के नए सीईओ बने सत्यम मिश्रा, पांच अधिकारियों के तबादले
वाराणसी, 16 सितंबर (आईएएनएस)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन में बड़ी फेरबदल हुई है। 2015 बैच के पीसीएस अधिकारी सत्यम मिश्रा को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। शासन ने पांच अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश जारी किए हैं, जिसमें सत्यम मिश्रा का नाम सबसे ऊपर है।
सत्यम मिश्रा इससे पहले प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात थे। प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान नगर प्रशासन की व्यवस्थाओं में उनकी भूमिका अहम रही थी। उनकी पहचान एक तेजतर्रार और अनुभवी अधिकारी के रूप में है। काशी विश्वनाथ धाम जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल की जिम्मेदारी मिलना उनके प्रशासनिक करियर में बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।
सत्यम मिश्रा का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक रहा है। वह बरेली, गाजीपुर, महराजगंज, चित्रकूट और रामपुर सहित कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मुरादाबाद में वह एडीएम वित्त एवं राजस्व की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। राजस्व, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में उनके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए शासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। रोजाना डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर की व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, साफ-सफाई, दर्शन की सुगमता और विशिष्ट क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का संचालन सीईओ की प्रमुख जिम्मेदारी होती है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार चार अन्य अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। दूसरे नंबर पर मंगलेश दुबे हैं, जो उपसंचालक चकबन्दी, प्रयागराज (स्थानान्तरणाधीन) के पद पर थे। उन्हें अपर जिलाधिकारी (नगर) प्रयागराज का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सत्यम मिश्रा के वाराणसी जाने के बाद प्रयागराज में एडीएम नगर का पद खाली हो रहा था, जिसकी जिम्मेदारी अब उन्हें दी गई है।
तीसरे नंबर पर अरविन्द कुमार द्विवेदी हैं, जो फिरोजाबाद में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर तैनात थे। उन्हें अब संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण, लखनऊ बनाया गया है। चौथे नंबर पर सीमा पाण्डेय हैं, जो नगर निगम वाराणसी में अपर नगर आयुक्त के पद पर तैनात थीं। उन्हें फिरोजाबाद में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है।
पांचवें नंबर पर अभय कुमार पाण्डेय हैं, जो कानपुर विकास प्राधिकरण में तैनात थे और जिनका तबादला अपर जिलाधिकारी (वि/रा), कासगंज किया गया था। शासन ने उनके तबादला आदेश को निरस्त करते हुए उन्हें कानपुर विकास प्राधिकरण, कानपुर में ही बने रहने का आदेश दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 11:20 PM IST












