हम विदेशी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध, भारत की मदद के लिए आभार नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल

हम विदेशी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध, भारत की मदद के लिए आभार नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल
नेपाल में आई आपदा को लेकर बात करते हुए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने इसे देश की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक बताया है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के निर्देश पर सभी एजेंसियां बचाव में जुटी हैं और अब तक 4,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 200 से अधिक विदेशी नागरिक शामिल हैं।

नुवाकोट (नेपाल), 30 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई आपदा को लेकर बात करते हुए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने इसे देश की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक बताया है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के निर्देश पर सभी एजेंसियां बचाव में जुटी हैं और अब तक 4,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 200 से अधिक विदेशी नागरिक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि भारत ने पहले दिन से ही राहत सामग्री और विशेषज्ञ टीम भेजकर मदद की है, जिसके लिए नेपाल सरकार और जनता भारत की आभारी है।

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा क‍ि हाल के समय में नेपाल ने जिन प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया है, यह उनमें सबसे बड़ी आपदाओं में से एक है। आपदा की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रीय आपदा परिषद की आपात बैठक बुलाई और उसके बाद मंत्रिमंडल की बैठक भी हुई।

उन्‍होंने बताया क‍ि प्रधानमंत्री ने सभी सरकारी एजेंसियों को साथ मिलकर काम करने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। फिलहाल हमारा सबसे बड़ा काम बचाव अभियान है, इसलिए हम यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि इस क्षेत्र में मौजूद लोगों की सुरक्षा हो सके।

शिशिर खनाल ने बताया क‍ि कल तक चार हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जिनमें 200 से ज्यादा विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

उन्‍होंने बताया क‍ि आपदा के पहले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे प्रधानमंत्री से बात की और भारत सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मैंने भी अपने समकक्ष, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से बात की और उन्हें हमारी जरूरतों के बारे में बताया।

भारत सरकार पहले ही राहत सामग्री से भरे विमान भेज चुकी है। भारत ने बचाव कार्यों में मदद के लिए विशेषज्ञों की टीम भी भेजी है। इसके लिए हम बेहद आभारी हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से, नेपाल सरकार की ओर से और नेपाल की जनता की ओर से भारत सरकार को उनके सक्रिय सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं।

शिशिर खनाल ने कहा क‍ि मैंने व्यक्तिगत रूप से कई देशों के अपने समकक्षों से बात की है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि नेपाल सरकार विदेशी नागरिकों के बचाव को भी पूरी प्राथमिकता दे रही है। जितनी चिंता हमें नेपाली नागरिकों की सुरक्षा की है, उतनी ही प्रतिबद्धता के साथ हम विदेशी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी काम कर रहे हैं।

साथ ही, विदेश मंत्रालय में एक विशेष हेल्पलाइन भी शुरू की गई है, जहां कोई भी व्यक्ति, खासकर विदेशी नागरिक, हमसे मदद मांग सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 Aug 2026 12:53 PM IST

Tags

Next Story