विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, अब जल्द होगा आईपीएल के शेष मुकाबलों का शेड्यूल जारी

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब जल्द शेष आईपीएल शेड्यूल जारी होगा।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने 'आईएएनएस' से कहा, "चुनाव का कार्यक्रम आज (रविवार) जारी कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे, जबकि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही चरण में चुनाव होंगे। हम इस घोषणा का इंतजार कर रहे थे। अब, हम आईपीएल का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकते हैं, क्योंकि लॉ एंड ऑर्डर और पुलिस फोर्स के तैनाती के नजरिए से हमने उसे रोके रखा था। पहले हमने सिर्फ 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन अब आगे के मुकाबलों का कार्यक्रम भी जारी होगा।"
भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होंगे, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। इन सभी राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
बीसीसीआई ने 11 मार्च को आईपीएल 2026 के पहले फेज का शेड्यूल जारी किया था, जो 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच खेला जाना है। पहले फेज में कुल 20 मैच 10 वेन्यू पर होंगे। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं।
आईपीएल के 19वें संस्करण की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के साथ होगी। अगले दिन मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। आईपीएल 2026 के पहले फेज में चार डबल-हेडर मुकाबले होंगे। दोपहर के मैच 3:30 बजे से और शाम के मुकाबले 7:30 बजे से शुरू होंगे।
आईपीएल 2026 का पहला डबल-हेडर 4 अप्रैल को होगा। पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद गुजरात टाइटंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 9:47 PM IST











