विज्ञापनों पर हजारों करोड़ खर्च, 13 लाख सरकारी पद खाली आकाश आनंद

विज्ञापनों पर हजारों करोड़ खर्च, 13 लाख सरकारी पद खाली आकाश आनंद
बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने मंगलवार को जेवर के दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर रोजगार, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महंगाई के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं, जबकि सरकार विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपए खर्च कर रही है।

लखनऊ, 25 अगस्त (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने मंगलवार को जेवर के दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर रोजगार, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महंगाई के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं, जबकि सरकार विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपए खर्च कर रही है।

आकाश आनंद ने कहा कि अब बसपा सरकार के कामकाज का मुद्दावार रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी और बताएगी कि जमीनी हकीकत क्या है। आकाश आनंद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को लगातार परेशान किया गया, लेकिन उन्होंने संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा।

आकाश आनंद ने दावा किया कि नेहरू ने डॉ. आंबेडकर को अपनी कमेटी और वर्किंग कमेटी से बाहर करने का काम किया, जिसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद बाबा साहब निराश होकर घर नहीं बैठे। उन्होंने संघर्ष किया, संविधान लिखा और लोकसभा पहुंचे।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार और संविधान में दिए गए अधिकार आज भी करोड़ों वंचितों और गरीबों की ताकत हैं। आकाश आनंद ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि 2014 में जिस घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपए थी, वह आज करीब 1200 रुपए तक पहुंच गई है। उन्होंने पेट्रोल और डॉलर की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी की रोजमर्रा की जरूरतों पर महंगाई का बोझ बढ़ा है।

उन्होंने मायावती सरकार के कार्यकाल में बने नोएडा-आगरा एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि यही वास्तविक विकास का उदाहरण है। आकाश आनंद ने भाजपा पर मायावती सरकार के विकास मॉडल की नकल करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नकल करने के लिए भी अकल और नीयत दोनों चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार के पास दोनों नहीं हैं।

बसपा नेता ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार और बेहतर शिक्षा चाहता है, लेकिन जब वह नौकरी की मांग करता है तो उसके सामने बेरोजगारी भत्ता और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं रख दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ आज मिल सकता है, लेकिन यदि गरीबों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार नहीं मिला तो इसकी कीमत आने वाली पीढ़ियों को चुकानी पड़ेगी।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में नए स्कूल खोलने के बजाय 25 हजार से अधिक स्कूल बंद कर दिए गए। आकाश आनंद ने कहा कि जिस युवा को नौकरी चाहिए, उसके लिए सबसे पहले अच्छी शिक्षा और रोजगार के अवसर जरूरी हैं। आकाश आनंद ने कहा कि सरकार के पास विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के लिए पैसा है, लेकिन सरकारी विभागों में 13 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Aug 2026 5:32 PM IST

Tags

Next Story