- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पवई
- /
- अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त...
पवई न्यूज: अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पवई डिजिटल डेस्क |आगामी गणेश उत्सव, ईद-मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को पवई थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीओपी भावना दांगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस-प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मस्जिद कमेटी के सदस्यों, व्यापारियों और पत्रकारों ने पर्वों के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव साझा किए।बैठक में स्पष्ट किया गया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों की निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य रहेगा। भीड़भाड़ वाले स्थानों, गणेश पंडालों, मंदिरों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। ईद-मिलाद-उन-नबी के जुलूस एवं रैलियों वाले मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने की बात कही गई। एसडीओपी भावना दांगी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो। सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर बैठक में भ्रामक पोस्ट, अफवाह और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे बढ़ाने के बजाय उसकी सूचना पुलिस को दें। नगर परिषद से पंडाल स्थलों, मंदिरों और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत, भाजपा मण्डल अध्यक्ष निधि पटैरिया, थाना प्रभारी सुशील अहिरवार सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, व्यापारी संघ, मस्जिद कमेटी के सदस्य एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
Created On :   25 Aug 2026 8:31 PM IST
Next Story












