विंध्य और बुंदेलखंड को जोड़ने वाले नए रेलखंडों का उद्घाटन, पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़े सीधी व पन्ना

सतना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड और विन्ध्य क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन बड़ी उपलब्धि वाला रहा क्योंकि इन दोनों क्षेत्रों को जोड़ने वाले नए रेलखंड पर यात्री गाड़ी दौड़ने की शुरुआत हुई। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट रेलखंडों का वर्चुअली उद्घाटन किया।
सतना–देवेंद्रनगर रेलखंड की लंबाई 53 किलोमीटर, जबकि रीवा–चुरहट रेलखंड की लंबाई 65 किलोमीटर है। देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन दोनों रेलखंडों के प्रारंभ होने से विंध्य क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होने लगी है।
रेल संपर्क के विस्तार से सतना, देवेंद्रनगर, रीवा, चुरहट और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवाजाही सुगम होगी तथा क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से सीधी और पन्ना जिले का रेल नेटवर्क से जुड़ना ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
आजादी के बाद पहली बार सीधी और पन्ना दोनों जिले रेल संपर्क से जुड़े है। इससे जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों और प्रमुख बाजारों तक पहुंचने के लिए अधिक सुगम परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री यादव ने वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि सतना-देवेन्द्रनगर और रीवा-चुरहट रेल लाइनों का लोकार्पण हमारे पूरे क्षेत्र को विकास के एक नए दौर में ले जाएगा। 541 किलोमीटर लंबी यह विशाल रेल परियोजना उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को भी जोड़ेगी। ललितपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली जैसे क्षेत्र हमारे लिए अनेक दृष्टियों से महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में यहां रेल नेटवर्क का विस्तार अत्यंत आवश्यक था।
राज्य के बढ़ते नेटवर्क के प्रति मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री का आभार जताया और कहा कि मध्य प्रदेश को लगभग 1 लाख 15 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है। रेल कनेक्टिविटी केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह किसानों को उनके उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराती है और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देती है।
राज्य में चल रही रेल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और खंडवा को जोड़ने वाली रेल लाइन भी अब लोकार्पण के लिए तैयार हो रही है। प्रदेश के हर क्षेत्र को आपके माध्यम से रेल सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। वंदे भारत सहित विभिन्न ट्रेनों और रेल सुविधाओं के विस्तार के साथ देश में रेलवे के लिए यह स्वर्णिम काल चल रहा है।
इस मौके पर सतना के नागौद में आयोजित समारोह में सतना के सांसद गणेश सिंह और खजुराहो के सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
