विपक्षी सांसद 6 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग तक निकालेंगे शांतिपूर्ण मार्च जयराम रमेश

विपक्षी सांसद 6 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग तक निकालेंगे शांतिपूर्ण मार्च जयराम रमेश
देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में गड़बड़ी व वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इस मुद्दे पर देशभर में व्यापक प्रदर्शन की तैयारी की है।

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में गड़बड़ी व वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इस मुद्दे पर देशभर में व्यापक प्रदर्शन की तैयारी की है।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में आज पार्टी के सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। बैठक में दो घंटे तक आंदोलन की रणनीति पर मंथन हुआ।

जयराम रमेश ने कहा, "कल 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सभी विपक्षी पार्टियों के सांसद पार्लियामेंट हाउस से निर्वाचन सदन तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। सभी सांसदों को सुबह 10:30 बजे मकर द्वार पर इकट्ठा होने के लिए कहा गया है। यह मार्च पूरी तरह शांतिपूर्वक होगा।"

उन्होंने बताया कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। 8 अक्टूबर तक इंडी गठबंधन में शामिल सभी पार्टियां जिला स्तर पर वोट चोरी और सीईसी को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस पार्टी बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्रा करेगी।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक बयान में आगे की रणनीति साझा करते हुए बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक पार्टी राज्य, जिला और गांव स्तर पर 'वोट बचाओ-देश बचाओ' रैलियां आयोजित करेगी। इस दौरान गांव-गांव में चौपाल लगाई जाएगी और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा।

जयराम रमेश ने दावा किया कि देश में करीब 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा, "हम बूथ स्तर पर उन नामों की जानकारी जुटा रहे हैं। अभी तक 6-7 राज्यों से पूरी जानकारी मिल चुकी है। हमारे देश में करीब 10 लाख बूथ हैं। हमारा लक्ष्य है कि जिनके नाम काटे गए हैं, उन्हें वापस मतदाता सूची में जुड़वाया जाए।"

पार्टी ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली होगी, जिसके लिए सभी विपक्षी दलों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। इसके बाद 25-26 नवंबर को 6 अलग-अलग राज्यों से 'दिल्ली चलो' यात्रा निकाली जाएगी और 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के नारे के साथ राजधानी में महाप्रदर्शन किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Oct 2026 11:22 PM IST

Tags

Next Story