विशेष सत्र से पहले हेमंत सोरेन की रणनीति बैठक, खनिज कानून के खिलाफ प्रस्ताव लाने की तैयारी

विशेष सत्र से पहले हेमंत सोरेन की रणनीति बैठक, खनिज कानून के खिलाफ प्रस्ताव लाने की तैयारी
झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा हुई।

रांची, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया कि वे सदन में पूरी तैयारी के साथ आएं। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए प्रामाणिक आंकड़ों और तथ्यों के साथ अपनी बात रखें। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एमएमडीआर कानून और एसआईआर को लेकर लोगों की चिंताओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इन मुद्दों पर सदन में चर्चा की रूपरेखा और सत्ता पक्ष की रणनीति पर विचार किया गया।

एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर सत्ता पक्ष की मुख्य चिंता खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व और राज्य के वित्तीय अधिकारों को लेकर है। विधायकों का कहना है कि नए कानून से खनिज युक्त भूमि पर उपकर लगाने की राज्य की शक्ति सीमित हो सकती है। इससे राज्य के राजस्व पर असर पड़ेगा और विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधन घट सकते हैं।

बैठक में शामिल रहे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने भी इस कानून पर आपत्ति जताई। उन्होंने दावा किया कि संशोधन से झारखंड को हर साल हजारों करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हो सकता है।

उन्होंने कहा कि इससे राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं पर वित्तीय दबाव बढ़ेगा। एसआईआर को लेकर भी बैठक में चिंता जताई गई। के राजू ने कहा कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों की सुनवाई लंबित है।

उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में प्रक्रिया पूरी करने से खासकर वंचित और आदिवासी समुदायों के पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

उन्होंने प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने और इसे अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की। सत्ता पक्ष इन दोनों मुद्दों को विशेष सत्र में प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रहा है। गठबंधन का कहना है कि खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार और मतदाताओं के मताधिकार से जुड़े सवाल झारखंड के हितों से जुड़े हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story