विश्व पर्यावरण दिवस सिर्फ एक दिन नहीं, सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का अवसर प्रो. कमल किशोर पंत
रुड़की, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस पर आईआईटी रुड़की में गंगेय फाउंडेशन और आईआईटी रुड़की स्पोर्ट्स काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में 'सेव फ्यूल' थीम पर भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इस साइक्लोथॉन में आईआईटी रुड़की के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। गंगेय फाउंडेशन और आईआईटी रुड़की स्पोर्ट्स काउंसिल की इस पहल की सराहना की।
निदेशक ने कहा, “ऐसे आयोजन युवाओं को सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान करते हुए कहा, "बढ़ता कार्बन उत्सर्जन, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए हर व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। साइक्लोथॉन का उद्देश्य सुरक्षित ईंधन उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। बढ़ता वायु प्रदूषण, ऊर्जा संकट और जीवाश्म ईंधनों पर अत्यधिक निर्भरता आज गंभीर समस्या बन चुकी है। साइकिल जैसे पर्यावरण-अनुकूल साधनों को अपनाकर हम प्रदूषण कम कर सकते हैं और स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि यदि हम दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ाएं और जीवाश्म ईंधनों की खपत कम करें तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संसाधनों की बचत भी संभव है। इससे देश सतत विकास की राह पर और तेजी से आगे बढ़ सकेगा। कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक पौधों का रोपण भी किया गया।
गंगेय फाउंडेशन के संस्थापक गिरिजांश गोपालन के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए निदेशक ने कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह आयोजन युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने और व्यावहारिक कदम उठाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास साबित हुआ। छात्रों ने साइक्लोथॉन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश पूरे परिसर में फैलाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 11:14 PM IST












