दमन को विकास परियोजनाओं की मिली सौगात, पीएम मोदी ने नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया उद्घाटन

दमन को विकास परियोजनाओं की मिली सौगात, पीएम मोदी ने नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और बुनियादी ढांचे को नई गति देना है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया, जिससे दमन और पूरे केंद्र शासित प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

दमन, 5 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और बुनियादी ढांचे को नई गति देना है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया, जिससे दमन और पूरे केंद्र शासित प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने नमो अस्पताल का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और निफ्ट कैंपस जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। वहीं लक्षद्वीप के कल्पेनी और कदमत द्वीपों में आधुनिक मल्टीपर्पज जेटी और पोर्ट सुविधाओं के निर्माण की भी शुरुआत की गई।

संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दमन आज 'मिनी इंडिया' का जीवंत उदाहरण बन चुका है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों के लोग रहते हैं और भारत की विविधता की सुंदर झलक दिखाई देती है। दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव के लोगों ने दशकों तक विकास के सपने देखे थे और आज वे सपने साकार होते दिखाई दे रहे हैं। कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी नई परियोजनाएं लोगों का जीवन आसान बनाएंगी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेंगी।

उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है, जबकि 31 मार्च को समाप्त तिमाही में यह दर 7.8 प्रतिशत रही। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण योजनाओं की वजह से भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। भारत वैश्विक चुनौतियों के बावजूद 'रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म' के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ता रहेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि यह केंद्र शासित प्रदेश सरकारी भवनों में 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा उपयोग करने की उपलब्धि हासिल कर चुका है। दीव में दिन के समय बिजली की पूरी मांग सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। साथ ही रूफटॉप सोलर प्लांट के जरिए लोगों को अतिरिक्त आय का अवसर भी मिल रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार के लिए विकास का असली पैमाना गरीबों के जीवन में सुधार है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गरीब परिवारों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। पहले इस क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज और पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है। सिलवासा के बाद अब दमन में भी नमो अस्पताल शुरू हो गया है।

पर्यटन को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन पर विशेष ध्यान दे रही है। 'देखो अपना देश' जैसे अभियानों ने लोगों को देश की विविधता जानने के लिए प्रेरित किया है। हेरिटेज टूरिज्म, बीच टूरिज्म, इको टूरिज्म, और एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों को नई ऊर्जा मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर क्षेत्र हैं और पर्यटन की असीम संभावनाएं रखते हैं। वर्ष 2021 में यहां लगभग 6 लाख पर्यटक आए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर करीब 50 लाख तक पहुंच गई। ब्लू इकोनॉमी को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक पोर्ट और समुद्री बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। लक्षद्वीप में शुरू की गई नई परियोजनाएं वहां की अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी तथा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Jun 2026 11:14 PM IST

Tags

Next Story