विमेंस टी20 वर्ल्ड कप श्री चरणी एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाली भारतीय बनीं
नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मुकाबले में 2 विकेट हासिल किए। इसी के साथ श्री चरणी टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली भारतीय महिला बन गई हैं।
श्री चरणी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चार मुकाबलों में 12 विकेट हासिल कर चुकी हैं। बाएं हाथ की स्पिनर ने पाकिस्तान के खिलाफ 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे, जिसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 रन देकर 4 विकेट निकाले। साउथ अफ्रीका के विरुद्ध श्री चरणी ने 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ श्री चरणी ने 21 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली भारतीय खिलाड़ियों में पूनम यादव दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2020 में 10 विकेट निकाले थे। डायना डेविड टी20 वर्ल्ड कप 2010 में 9 विकेट हासिल कर चुकी हैं। पूनम यादव ने साल 2014 और 2018 में 8-8 विकेट अपने नाम किए थे। राधा यादव टी20 वर्ल्ड कप 2018 में 8 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं।
वैश्विक स्तर पर न्यूजीलैंड की अमेलिया केर विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने साल 2024 में 15 शिकार किए थे। इंग्लैंड की आन्या श्रुबसोल (साल 2014) और ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट्ट (साल 2020) 13-13 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। साउथ अफ्रीका की नॉनकुलुलेको म्लाबा (साल 2024) और भारत की श्री चरणी (साल 2026) इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
इस हफ्ते की शुरुआत में, चरणी अपने करियर में पहली बार आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में नंबर 1 स्थान पर पहुंचीं और महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ऊंची रैंकिंग वाली गेंदबाज बन गईं।
चूंकि भारत के अभी भी एक लीग मैच शेष है, इसलिए चरणी अब न्यूजीलैंड की अमेलिया केर के 15 विकेट के ऑल-टाइम टूर्नामेंट रिकॉर्ड को तोड़ सकती हैं। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए, इस युवा बाएं हाथ की गेंदबाज के पास न केवल अपने भारतीय रिकॉर्ड को बेहतर बनाने का, बल्कि विमेंस टी20 वर्ल्ड कप अभियान में अब तक के सर्वाधिक विकेट लेने के रिकॉर्ड को चुनौती देने का भी अच्छा मौका है।
मैनचेस्टर में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम 8 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारत ने 16.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jun 2026 10:56 PM IST












