विमेंस टी20 वर्ल्ड कप वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी फ्लॉप, फाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 126 रन का लक्ष्य
लंदन, 30 जून (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के लिए महज 126 रन का टारगेट दिया है।
केनिंग्टन ओवल में मंगलवार को ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनक्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 125 रन बनाए।
कप्तान हेली मैथ्यूज ने किआना जोसेफ के साथ 49 गेंदो में 47 रन की साझेदारी की। मैथ्यूज 28 गेंदों में 5 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए। इस टीम को 8.1 ओवर में पहला झटका लगा। ठीक एक ओवर के बाद टीम ने जोसेफ (16) के रूप में दूसरी सलामी बल्लेबाज का विकेट भी गंवा दिया।
एशले गार्डनर ने 11वें ओवरी की दूसरी और पांचवीं गेंद पर स्टेफनी टेलर (0) और जाहारा क्लैक्सटन (0) के विकेट भी गंवा दिए। निरंतर अंतराल पर वेस्टइंडीज के विकेट गिरते रहे। आलम ये रहा कि 15.3 ओवरों तक वेस्टइंडीज का स्कोर 83/6 था। यहां से डिएंड्रा डॉटिन ने जानिलिया ग्लासगो के साथ सातवें विकेट के लिए 27 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। डॉटिन 16 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 26 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि ग्लासगो ने 15 रन टीम के खाते में जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सोफी मोलिनक्स, एशले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने 1 विकेट निकाला।
वेस्टइंडीज इस मुकाबले में किआना जोसेफ, हेली मैथ्यूज (कप्तान), शेमेन कैंपबेल (विकेटकीपर), स्टेफनी टेलर, डिएंड्रा डॉटिन, चिनेल हेनरी, जाहारा क्लैक्सटन, जनिलेया ग्लासगो, आलिया एलेन, एफी फ्लेचर और करिश्मा रामहरक के साथ खेल रही है।
वहीं, सोफी मोलिनक्स की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फोएबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, किम गार्थ और लुसी हैमिल्टन के साथ उतरी है।
ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया ने सभी 5 मैच अपने नाम किए हैं। वहीं, वेस्टइंडीज 'ग्रुप-बी' के 5 में से 3 मुकाबले जीत सकी थी। इस संस्करण का दूसरा सेमीफाइनल 2 जुलाई को इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाना है। खिताबी मुकाबले का आयोजन 5 जुलाई को होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Jun 2026 8:56 PM IST












