वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में नाहिद अली ने जीते दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल, माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय

वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में नाहिद अली ने जीते दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल, माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय
जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी नाहिद अली चौधरी ने वर्ल्ड एस्क्रीमा काली आर्निस फेडरेशन (डब्ल्यूईकेएएफ) द्वारा आयोजित वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप के 18वें संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। नाहिद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया है।

सांबा, 9 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी नाहिद अली चौधरी ने वर्ल्ड एस्क्रीमा काली आर्निस फेडरेशन (डब्ल्यूईकेएएफ) द्वारा आयोजित वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप के 18वें संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। नाहिद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया है।

नाहिद ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में कुल तीन इवेंट में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने पहले इवेंट में फिलिपींस, अमेरिका और थाईलैंड के खिलाड़ी को मात दी। वहीं, दूसरे इवेंट में भी उन्होंने अपने प्रदर्शन को कुछ इसी अंदाज में दोहराया। नाहिद तीसरे इवेंट में भी अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखने में सफल रहे और उन्होंने दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज अपने नाम किया।

नाहिद ने कहा कि वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच अमन वर्मा को देना चाहते हैं, जिनकी वजह से वह इस मुकाम तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आगे भी वह अपने इसी प्रदर्शन को बरकरार रखकर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का पूरा प्रयास करेंगे। नाहिद ने युवाओं को संदेश देते हुए उनसे नशे से दूर रहकर खेल के प्रति आकर्षित होने की अपील भी की।

नाहिद की मां निशाद बीवी ने बताया कि उन्हें अपने बेटे की सफलता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि नाहिद ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है और उनकी शुरुआत से ही खेल के प्रति खास रुचि थी। उन्होंने बताया कि नाहिद जहां भी खेलने जाया करते थे, वहां से दो से तीन गोल्ड लेकर आते थे।

निशाद बीवी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नाहिद के पिता देश की सेवा कर रहे हैं और बेटा देश के लिए मेडल लेकर आ रहा है। बड़े भाई हमीद चौधरी ने छोटे भाई नाहिद की सफलता पर कहा कि यह पूरे परिवार के साथ-साथ गांव के लिए भी गर्व की बात है कि नाहिद इंटरनेशनल स्तर पर मेडल जीतकर आए हैं।

यह चैंपियनशिप मार्शल आर्ट से जुड़ी है। इस खेल में मुख्य रूप से लाठी (डंडों), चाकू और बिना हथियार के आत्मरक्षा व लड़ने के कौशल का प्रदर्शन किया जाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Aug 2026 1:12 PM IST

Tags

Next Story