वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे प्रियंका और राम बाबू

वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे प्रियंका और राम बाबू
वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप 2026 में दो बार की ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी और पुरुष रेस वॉकर राम बाबू 12-सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। इस चैंपियनशिप का आयोजन रविवार को ब्राजील के ब्रासीलिया में होगा।

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप 2026 में दो बार की ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी और पुरुष रेस वॉकर राम बाबू 12-सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। इस चैंपियनशिप का आयोजन रविवार को ब्राजील के ब्रासीलिया में होगा।

मैराथन वॉक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक मंजू रानी, ​​सर्विन सेबेस्टियन के साथ इस दल में शामिल हुई हैं। भारतीय टीम में साहिल और अक्षदीप सिंह भी हैं, जिनके नाम क्रमशः 10 किलोमीटर और 20 किलोमीटर रेस वॉक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं।

प्रियंका के नाम 10 किलोमीटर रेस वॉक का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है और उन्होंने 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। राम बाबू ने भी 35 किलोमीटर रेस वॉक और मैराथन वॉक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए हैं।

वर्ल्ड एथलेटिक्स की तरफ से आयोजित आगामी चैंपियनशिप इस प्रतियोगिता का 31वां संस्करण होगा। इसमें प्रतियोगिता के प्रारूप में बदलाव देखने को मिलेगा, जिसमें 40 देशों के 250 से अधिक एथलीट नई निर्धारित सीनियर रेस वॉकिंग दूरियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

नए कार्यक्रम के तहत पारंपरिक 20 किलोमीटर और 35 किलोमीटर की स्पर्धाओं की जगह हाफ-मैराथन (21.0975 किलोमीटर) और मैराथन (42.195 किलोमीटर) को शामिल किया गया है। ये दोनों ही स्पर्धाएं वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप में सीनियर स्तर पर पहली बार शामिल की जा रही हैं।

अंडर-20 वर्ग में 10 किलोमीटर की दौड़ें शामिल होंगी, लेकिन इन जूनियर स्पर्धाओं में कोई भी भारतीय एथलीट हिस्सा नहीं ले रहा है। सीनियर प्रतियोगिताओं में, टीमों में अधिकतम पांच एथलीट्स हो सकते हैं, लेकिन टीम के स्कोर की गणना के लिए केवल शीर्ष तीन स्थान पर रहने वाले एथलीटों के प्रदर्शन को ही गिना जाता है।

टीम परिणाम के लिए अर्हता प्राप्त करने हेतु, किसी भी देश के कम से कम तीन एथलीट्स का दौड़ पूरी करना अनिवार्य है, ताकि एक स्कोरिंग टीम का गठन हो सके। टीम का स्कोर इन तीनों स्कोरिंग एथलीट्स के हासिल किए गए फिनिशिंग पोजीशन के कुल योग के आधार पर निकाला जाता है।

अगर किसी टीम के तीन एथलीट दौड़ पूरी नहीं कर पाते हैं, तो भी उन एथलीट्स के व्यक्तिगत प्रदर्शन को उनकी संबंधित दौड़ में दर्ज किया जाएगा, लेकिन ऐसी स्थिति में वह टीम, टीम-आधारित प्रतिस्पर्धा में आगे बने रहने या पदक की दौड़ में शामिल होने के लिए पात्र नहीं मानी जाएगी।

भारतीय पुरुष टीम ने 2012 की चैंपियनशिप में पुरुषों की 20 किलोमीटर रेस में कांस्य पदक जीता था। 2022 में, ओलंपियन भावना जाट, रवीना और मुनिता प्रजापति ने महिलाओं की 20 किमी रेस वॉक टीम इवेंट में भारत के लिए कांस्य पदक जीता।

वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम:

मेंस मैराथन रेस वॉक: राम बाबू, संदीप कुमार।

मेंस हाफ-मैराथन रेस वॉक: हरदीप, साहिल, सर्विन सेबेस्टियन, अक्षदीप सिंह।

विमेंस मैराथन रेस वॉक: पायल, प्रियंका गोस्वामी, मंजू रानी।

विमेंस हाफ-मैराथन रेस वॉक: मानसी नेगी, मुनिता प्रजापति, रवीना।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 6:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story