- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- हिंगोली
- /
- झटकों से दहशत, 4.7 तीव्रता के साथ...
महाराष्ट्र में भूकंप: झटकों से दहशत, 4.7 तीव्रता के साथ हिंगोली रहा केंद्र, कई जिलों में दिखा असर - घरों में आई दरारें - ऐसी स्थिति में बरतें ये सावधानियां

Hingoli/Nagpur News. महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के झटकों से दहशत फैल गई। हिंगोली जिले में आए इस भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई। कंपन महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र बसमत तहसील के पांगरा शिंदे क्षेत्र में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर गहराई में स्थित था।
झटके हिंगोली के अलावा परभणी, नांदेड़, यवतमाल, वाशिम और वर्धा जिलों के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। पांगरा शिंदे गांव में कुछ मकानों और सामुदायिक भवनों में दरारें आई हैं। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भूकंप के दौरान तेज आवाज भी सुनाई दी, जिससे भय का माहौल बन गया। बसमत और औंधा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जमीन के भीतर से आवाजें और हल्के कंपन महसूस होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बार के झटकों ने लोगों को लातूर के किलारी भूकंप की याद दिला दी।
हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जिला आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट मोड पर है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने, लेकिन घबराने से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
भूकंप के दौरान सावधानियां:
भूकंप आने पर शांत रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। घर के अंदर हों तो मजबूत मेज, पलंग या दीवार के कोने का सहारा लें और सिर को सुरक्षित रखें। झटके रुकने के बाद ही खुले स्थान की ओर जाएं। लिफ्ट का उपयोग न करें और गैस व बिजली की आपूर्ति बंद कर दें। अफवाहों से बचें और जर्जर इमारतों या बिजली के तारों के पास जाने से परहेज करें।
Created On :   11 April 2026 7:31 PM IST












