- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- हिंगोली
- /
- रेत माफिया के खिलाफ पुलिस व राजस्व...
Hingoli News: रेत माफिया के खिलाफ पुलिस व राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो नाव, पोकलेन सहित रेत और 65 लाख का माल जब्त

Hingoli News. जिलाधिकारी राहुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन के निर्देशानुसार जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध रेत और उपकरण जब्त किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी की मध्यरात्रि को थाना सेनगांव क्षेत्र से बहने वाली नदी में बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन किए जाने की गोपनीय सूचना मिली। बताया गया कि सेनगांव तहसील के वन क्षेत्र से गुजरने वाली नदी में जेसीबी (पोकलेन मशीन) और नावों की सहायता से अवैध खनन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर सहायक जिला अधिकारी योगेशकुमार मीना तथा पुलिस स्टेशन सेनगांव के सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक मस्के के संयुक्त दल ने नदी मार्ग से घटनास्थल पर छापा मारा। मौके पर 02 नाव और 01 पोकलेन मशीन की मदद से रेत खनन किया जा रहा था। साथ ही लगभग 200 ब्रास रेत का अवैध भंडारण भी पाया गया।
जांच में स्पष्ट हुआ कि खनन स्थल परभणी जिले के जिंतूर तहसील अंतर्गत वजार खुर्द ग्राम क्षेत्र में आता है। सीमा परभणी जिले में होने के कारण जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने उपविभागीय अधिकारी जिंतूर के माध्यम से परभणी जिलाधिकारी से संपर्क स्थापित किया। तत्पश्चात जिंतूर के नायब तहसीलदार गायकवाड़ की उपस्थिति में लगभग 65 लाख रुपये मूल्य की अवैध रेत व अन्य सामग्री जब्त कर ली गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी राहुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश मीना, सहायक जिला अधिकारी योगेशकुमार मीना, एपीआई दीपक मस्के (सेनगांव), पीएसआई नागनाथ पाटिल तथा पुलिस कर्मी वंजारे, चिकने, अंभोरे और जिंतूर तहसील के नायब तहसीलदार श्री गायकवाड़ की संयुक्त टीम द्वारा संपन्न की गई।
Created On :   26 Feb 2026 7:41 PM IST













