'यह एक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश है', एसआईआर को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का विपक्ष पर निशाना
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कानून व न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "एसआईआर का मुद्दा बिहार से शुरू हुआ था और इस पर लोकसभा और राज्यसभा में भी चर्चा हो चुकी है। इस पर पहले ही विस्तार से बातचीत हो चुकी है। हमने बार-बार कहा है कि देश में एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है। जब आप (विपक्ष) एसआईआर कराते हैं तो वह स्वीकार्य होता है लेकिन जब हम ऐसा करते हैं तो वह गलत हो जाता है। इस तरह का बर्ताव स्वीकार्य नहीं है।"
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "यह एक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश है, झूठ बोलो और भाग जाओ। कभी-कभी, ऐसा झूठा नैरेटिव गढ़ने से उन्हें फायदा भी होता है। उदाहरण के लिए, 2024 के चुनावों के दौरान उन्होंने यह झूठा नैरेटिव फैलाया कि अगर भाजपा सत्ता में वापस आती है, तो वह संविधान बदल देगी। यह बात गलत थी। उन्होंने (विपक्ष) यह भी दावा किया कि अगर भाजपा सत्ता में वापस आती है, तो वह आरक्षण खत्म कर देगी। यह भी गलत था।"
उन्होने कहा, "विपक्ष लोगों के बीच कड़ी मेहनत करने के बजाय, इस तरह के झूठे नैरेटिव गढ़कर फायदा उठाना चाहता है। अगर 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (एसआईआर) कोई मुद्दा होता, तो केरल में कांग्रेस नेता यह न कहते कि इसके बिना वे चुनाव नहीं जीत पाते। केरल के नेताओं ने कहा है कि वे एसआईआर की वजह से जीते हैं। राहुल गांधी को यह बात समझनी चाहिए और उनके बयानों पर ध्यान देना चाहिए।"
अर्जुन राम मेघवाल ने विज्ञान भवन में विधि आयोग के राष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसे लेकर उन्होंने कहा, "यह कमियों का सवाल नहीं है। सहकारी संघवाद की परिभाषा और व्याख्या को लेकर अलग-अलग लोगों के अपने-अपने विचार हैं। आज की कार्यशाला में सही दृष्टिकोण पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। हम पूरे दिन इस बात पर चर्चा करेंगे कि भारत के संघीय ढांचे को लेकर संविधान निर्माताओं की क्या सोच थी। तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 4:16 PM IST












