आलू की बुवाई कर रहे किसानों के बीच पहुंचे दिग्विजय सिंह, सुनीं उनकी समस्याएं
भोपाल, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान आम लोगों से सीधे संवाद का सिलसिला जारी है। गुरुवार को यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह सड़क किनारे खेतों में आलू की बुवाई कर रहे किसानों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने उज्जैन से अयोध्या तक की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू की है। उनकी यात्रा का गुरुवार को तीसरा दिन रहा। इस दौरान वह खेत में आलू की बुवाई कर रहे किसानों के बीच पहुंचे। किसानों ने खाद की किल्लत, बिजली की समस्या और आलू की फसल का उचित दाम नहीं मिलने से हो रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। किसानों ने बताया कि आलू की बुवाई के समय खाद नहीं मिल रहा है। टोकन के आधार पर खाद मिलने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, बिजली की समस्या भी खेती के काम को प्रभावित कर रही है। किसानों ने आलू की पिछली फसल का जिक्र करते हुए बताया कि बाजार में कम दाम मिलने से उनकी लागत तक नहीं निकल पाई। कोल्ड स्टोरेज में आलू रखने के बावजूद उन्हें इतना कम भाव मिला कि भंडारण का किराया तक नहीं निकल सका।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से एक किसान ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि देश में वोट चोरी और चंदा चोरी के साथ खाद की भी चोरी हो रही है। किसान ने दिग्विजय सिंह से कहा कि आप हमारी भी आवाज हैं। किसानों की समस्याओं को सुनने के साथ दिग्विजय सिंह ने इस मुलाकात को धरती माता, माता सीता और अन्नदाता किसान के सम्मान से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जगतनंदिनी माता सीता भूमिजा थीं, जिनका प्राकट्य धरती माता की कोख से हुआ था। यह हमें स्मरण कराता है कि हमारी भूमि केवल अन्न ही नहीं, आस्था और संस्कृति की भी जननी है। किसान इसी पवित्र धरती का सेवक और अन्नदाता हैं। जिस धर्म में धरती माता है, माता सीता भूमिजा हैं, और अन्नदाता किसान पूज्यनीय हैं, उस धर्म में मिट्टी का सम्मान और किसान का स्वाभिमान सर्वोपरि होना चाहिए।
दिग्विजय सिंह की विजयादशमी के दिन उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई यह यात्रा अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के साथ पूरी होगी। यात्रा में साधु-संतों और आम लोगों की भागीदारी के बीच दिग्विजय सिंह का विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद भी जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 5:17 PM IST











