क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य

क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य
भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 4 विकेट से हराया। हेगले ओवल के मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड से मिले 226 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर चेज किया।

क्राइस्टचर्च, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 4 विकेट से हराया। हेगले ओवल के मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड से मिले 226 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर चेज किया।

टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का यह अब तक का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले, साल 2023 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था। वहीं, इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम ने 209 रनों के लक्ष्य को चेज किया था। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में किसी भी टीम द्वारा चेज किया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

न्यूजीलैंड को यह पिछले 8 टी20 में भारत के खिलाफ सातवीं हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 67 रनों की दमदार पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 28 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया। वहीं, अंत के ओवरों में नमन धीर ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में 42 रनों की नाबाद पारी खेली और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे।

टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से नंबर सात या उससे निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए सफल रन चेज में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अब नमन के नाम दर्ज हो गया है। इससे पहले, यह रिकॉर्ड पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान के नाम था, जिन्होंने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ 16 गेंदों में नाबाद 33 रनों की पारी खेली थी।

न्यूजीलैंड की तरफ से इस मुकाबले में ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 82 रनों की आतिशी पारी खेली, जबकि फिन एलन ने 24 गेंदों में 45 रनों का योगदान दिया। बेवन जैकब्स ने 16 गेंदों में 31 रन बनाए, तो डेरिल मिचेल ने 19 गेंदों में 28 रन बनाए। वहीं, टिम सीफर्ट 17 गेंदों में 24 रन बनाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2026 5:58 PM IST

Tags

Next Story