यमुना जल समझौते पर भाजपा में उत्साह, नेताओं ने बताया राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन
जयपुर, 30 जून (आईएएनएस)। हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना नदी के पानी के बंटवारे को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद अब खत्म हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दोनों राज्यों ने यमुना जल परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत हरियाणा मॉनसून के दौरान भूमिगत पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए राजस्थान को पेयजल उपलब्ध कराएगा।
इस परियोजना का उद्देश्य राजस्थान के विशेष रूप से जल संकट से जूझ रहे जिलों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति होने से लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर शेखावाटी क्षेत्र के चूरू, झुंझुनूं, सीकर और आसपास के इलाकों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में भी इस समझौते को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
समझौते के बाद भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने इसे राजस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों की सराहना की।
राजस्थान सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि यह प्रदेश के लिए ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा सरकार के सहयोग से राजस्थान को पेयजल के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए सभी का आभार व्यक्त किया जाना चाहिए।
भाजपा सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि जिस कार्य को वर्षों तक असंभव बताया जाता रहा, वह अब संभव हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता लंबे समय से इस समझौते का इंतजार कर रही थी। उनके अनुसार, यह परिणाम-आधारित राजनीति का उदाहरण है, जिसमें केवल वादे नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करके दिखाया गया है।
सी.पी. जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने केवल घोषणाएं कीं, जबकि वर्तमान सरकार ने जमीन पर काम कर दिखाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों पर विपक्ष सवाल उठाता था, लेकिन हर बार वे राजस्थान के लिए कोई न कोई बड़ी उपलब्धि लेकर लौटे हैं। उनके मुताबिक यह समझौता आने वाले वर्षों में शेखावाटी क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित होगा।
राजस्थान सरकार में मंत्री अविनाश गहलोत ने भी इस समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने जो वादा किया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई गारंटी का यह परिणाम है कि वर्षों से लंबित यमुना जल समझौता अब साकार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले करीब ढाई वर्षों से इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। वर्ष 2024 में प्रारंभिक समझौते के बाद अब अंतिम रूप मिलने से लाखों लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के लोगों को न केवल पीने का पानी मिलेगा बल्कि सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।
अविनाश गहलोत ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब भी सरकार कोई बड़ा काम करती है तो विपक्ष सवाल उठाने लगता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस उपलब्धि का स्वागत करना चाहिए क्योंकि 32 वर्षों में जो काम नहीं हो पाया, उसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संभव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जल प्रबंधन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री का नाम विशेष रूप से याद किया जाएगा।
राजस्थान सरकार के मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि इस समझौते से विपक्ष को करारा जवाब मिल गया है। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा से राजस्थान तक यमुना का पानी पहुंचेगा, जिससे लाखों किसानों और आम लोगों के चेहरे पर खुशी आएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक उपलब्धि नहीं बल्कि प्रदेश के विकास का नया अध्याय है।
मंत्री कृष्ण कुमार (के.के.) विश्नोई ने भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पहले ईआरसीपी और अब यमुना जल समझौता, दोनों ही राजस्थान के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी शेखावाटी क्षेत्र पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा था, लेकिन अब यह संकट दूर होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि लगभग 32 वर्षों तक केवल चर्चा होती रही, लेकिन अब पहली बार लोगों को विश्वास हुआ है कि हरियाणा से पानी वास्तव में राजस्थान पहुंचेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी आभार व्यक्त किया।
विश्नोई ने इस अवसर पर प्रदेश में चल रही अन्य बड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी, भारतमाला परियोजना और सड़क नेटवर्क जैसे विकास कार्य राजस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।
भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि यह केवल एक समझौता नहीं, बल्कि राजस्थान के भविष्य को बदलने वाला निर्णय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताया और उसी भरोसे का परिणाम है कि जल संकट जैसे गंभीर मुद्दे पर ऐतिहासिक समाधान निकल रहा है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में सबसे बड़ी आवश्यकता पानी की थी और यह समझौता उस आवश्यकता को काफी हद तक पूरा करेगा। उनके अनुसार हर घर तक पेयजल और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बालमुकुंद आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित राजस्थान दौरे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह बहुत ही सुनहरा अवसर है। प्रधानमंत्री का जब भी राजस्थान आगमन होता है तो विकास की गति को और पंख लगते हैं। प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह खाड़ी देशों में तेल आधारित विकास हुआ, उसी प्रकार राजस्थान भी औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Jun 2026 3:27 PM IST












