आईपीएल 2026 जायसवाल सबसे कम पारियों में 4 हजार रन पूरे करने वाले चौथे खिलाड़ी बने
नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स (आआर) के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने टी20 क्रिकेट में 4 हजार रनों का आंकड़ा छू लिया है। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने महज 129 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। इसी के साथ जायसवाल सबसे कम पारियों में 4 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ मुकाबले की दूसरी गेंद पर मिचेल स्टार्क के विरुद्ध चौका लगाकर टी20 क्रिकेट में 4 हजार रन पूरे कर लिए। इसी के साथ जायसवाल ने शुभमन गिल की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 129 पारियों में ही इस आंकड़े को छुआ था।
टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 4 हजार रन पूरे करने के मामले में ऋतुराज गायकवाड़ शीर्ष पर हैं, जिन्होंने महज 116 पारियों में ऐसा किया, जबकि केएल राहुल (117 पारियां) लिस्ट में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। तिलक वर्मा 125 पारियों के साथ लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स की तरफ से 2020/21 सीजन में आईपीएल डेब्यू किया था। यह बल्लेबाज तब से एक ही टीम के साथ जुड़ा रहा। जायसवाल ने आईपीएल 2023 के 14 मुकाबलों में 48.07 की औसत के साथ 625 रन बनाए थे। आईपीएल 2025 में उनके बल्ले से 43 की औसत के साथ 559 रन निकले।
रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा और यश राज पुंजा के साथ मैदान पर उतरी है।
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, लुंगी एनगिडी, मिशेल स्टार्क और मुकेश कुमार के साथ यह मैच खेल रही है।
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन 11 मुकाबलों में 6 जीत के साथ पांचवें पायदान पर है। यह टीम जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को बरकरार रखना चाहेगी। दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स 12 में से 7 मैच गंवा चुकी है। 8वें पायदान पर मौजूद यह टीम खिताबी दौड़ से लगभग बाहर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 8:11 PM IST












