- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पत्नी के व्यवहार से आहत युवक ने दी...
मामले की जांच: पत्नी के व्यवहार से आहत युवक ने दी जान, प्रेम विवाह के 12 वर्ष बाद रिश्तों में बढ़ा तनाव

Nagpur News. वाड़ी थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव से परेशान एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रघुपति नगर निवासी मनीष देवानंद देशभ्रतार (34) ने लगभग 12 वर्ष पूर्व पूजा नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे हैं। शुरुआती वर्षों में पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के संबंधों में तनाव बढ़ने लगा था।
परिजनों का आरोप है कि पत्नी अक्सर अन्य लोगों से लंबे समय तक फोन पर बातचीत करती थी, जिसका मनीष विरोध करता था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते थे।
बताया गया है कि 14 मार्च 2026 को पत्नी कथित रूप से प्रणय नामक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बाद में मनीष उसे विजयवाड़ा से वापस घर लेकर आया, लेकिन दोनों के बीच तनाव कम नहीं हुआ। इसके बाद पत्नी पुनः अपने मायके चली गई। परिजनों के अनुसार, उसने बच्चों की जिम्मेदारी उठाने से भी इनकार कर दिया था। इन घटनाओं से मनीष मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
आखिरकार 20 अप्रैल को मनीष ने अपने घर में सीलिंग फैन से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद वाड़ी पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मृतक की मां कविता देवानंद देशभ्रतार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।
Created On :   17 May 2026 9:00 PM IST













