घोषणा: अगले तीन महीने में दोबारा होने जा रही है पीएचडी प्रवेश परीक्षा, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय का फैसला

अगले तीन महीने में दोबारा होने जा रही है पीएचडी प्रवेश परीक्षा, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय का फैसला
  • राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने उठाया कदम
  • आयोजित पेट परीक्षा के बाद आगामी तीन माह के भीतर एक बार फिर परीक्षा आयोजित की जाएगी

Nagpur News. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली पीएचडी प्रवेश पूर्व परीक्षा (पेट) अब वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को पीएचडी में प्रवेश के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हाल ही में आयोजित पेट परीक्षा के बाद आगामी तीन माह के भीतर एक बार फिर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसकी जानकारी कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने दी।

गौरतलब है कि नागपुर विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025 में पीएचडी प्रवेश पूर्व परीक्षा 15 से 28 फरवरी के बीच आयोजित करने की घोषणा की थी, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण पंजीकरण प्रक्रिया रोकनी पड़ी थी। इसके बाद परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल ने संशोधित समय-सारिणी जारी करते हुए 5, 6 और 7 मार्च को पेट परीक्षा आयोजित की थी।

करीब एक वर्ष बाद विश्वविद्यालय ने पुनः पेट परीक्षा आयोजित की। परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल के प्रभारी संचालक मोतीराम तडस ने 2 अप्रैल को जारी परिपत्र में 9 से 12 मई 2026 के बीच परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की थी।

2687 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

नागपुर विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न 57 पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित पीएचडी प्रवेश पूर्व परीक्षा 9 और 10 मई को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 3323 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 2687 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 645 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।

Created On :   15 May 2026 9:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story